विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम हेमंत सोरेन को ईडी कोर्ट में पेश होने का निर्देश, 21 सितंबर को आरोप गठन पर सुनवाई

Published: Sat, 19 Sep 2026 10:17 PM (IST)

बड़गाईं जमीन फर्जीवाड़ा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बड़गाईं जमीन फर्जीवाड़ा मामले में ईडी कोर्ट में पेशी टल गई है। अदालत ...और पढ़ें

अदालत ने कहा- वर्चुअल या फिजिकल मोड में पेश हो सकते हैं हेमंत सोरेन।

अदालत ने कहा- वर्चुअल या फिजिकल मोड में पेश हो सकते हैं हेमंत सोरेन।

राज्य ब्यूरो, रांची। ईडी कोर्ट में बड़गाई अंचल की जमीन से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की शनिवार को होने वाली पेशी टल गई, जिसके कारण आरोप गठन पर होने वाली सुनवाई नहीं हो सकी।

उनकी ओर से उनके अधिवक्ता ने ईडी की विशेष अदालत में याचिका दाखिल कर कहा कि प्रार्थी संवैधानिक दायित्वों में व्यस्त हैं। इस कारण व्यक्तिगत या वर्चुअल माध्यम से अदालत में उपस्थित होना संभव नहीं है।

अधिवक्ता ने अदालत से मामले में आरोप तय करने की प्रक्रिया के लिए अगली तिथि देने का आग्रह किया। अदालत ने आवेदन पर विचार करते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 21 सितंबर की तिथि निर्धारित की है। अदालत ने हेमंत सोरेन को सोमवार को शाम चार बजे तक वर्चुअल या फिजिकल मोड में अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है।

उनकी उपस्थिति में अदालत आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर सुनवाई करेगी और आरोप गठन की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। मामला बड़गाई अंचल की करीब 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े और मनी लांड्रिंग से संबंधित है।

मामले में 17 आरोपितों में से 16 पर आरोप गठित किया जा चुका है। मामले में सिर्फ हेमंत सोरेन पर आरोप तय किया जाना शेष है। ईडी की जांच के बाद ईडी की विशेष अदालत में सुनवाई चल रही है।

राज कुमार पाहन पर आरोप तय

बड़गाई अंचल स्थित जमीन फर्जीवाड़े में आरोपित राज कुमार पाहन के खिलाफ शनिवार को ईडी कोर्ट में आरोप गठित किया गया। इसी मामले में पूर्व में आइएएएस छवि रंजन सहित 15 पर आरोप गठित किया जा चुका है।