Weather Update: रांची में झमाझम बारिश, 3 दिनों तक बरसेंगे बादल; इन जिलों में भारी बारिश का Alert
सूबे में माॅनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम पूर्वानुमान में अगले तीन दिनों तक समूचे झारखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
रांची, जेएनएन। घने और काले बादलों के बीच शुरू हुई सुबह से ही झारखंड की राजधानी रांची में मौसम खुशगवार बना हुआ है। यहां 10 बजे के बाद से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। दिन में ही अंधेरा छा गया। सड़काें पर चलने वाले वाहनों में लाइटें जलती रहीं। इधर सूबे में माॅनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। अगले तीन दिनों तक समूचे झारखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में रविवार को राज्य के कुछ जिलों में बिजली गिरने के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बाेकारो, चाईबासा, देवघर, दुमका और गिरिडीह में दो या इससे अधिक बार भारी बारिश के संकेत दिए गए हैं।
रांची मौसम केंद्र के निदेशक एसडी कोटाल ने बताया कि झारखंड में मॉनसून फिर से सक्रिय हो गया है। उन्होंने कई जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। कहा कि अगले तीन दिनों में राज्य के पूर्वोत्तर जिलों के साथ ही उत्तर पश्चिमी जिले में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग, रांची की ओर से रविवार को जारी किए गए बुलेटिन में रांची, गुमला, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, धनबाद, बाेकारो, गिरिडीह, खूंटी, जामताड़ा, गोड्डा और देवघर जिले में मेघ-गर्जन के साथ बारिश-वज्रपात होने की संभावना जताई गई है।