Jharkhand Weather Update: झारखंड पर मौसम भारी, सर्वाधिक बारिश का अलर्ट जारी; इन जिलों में 2 दिनों तक रहें सतर्क
झारखंड के जामताड़ा देवघर दुमका गोड्डा पाकुड़ साहिबगंज और आसपास के जिलों में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है।
रांची, जेएनएन। झारखंड पर अगले दो दिन भारी हैं। मौसम विभाग ने 28 और 29 सितंबर के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक झारखंड के जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और आसपास के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम पूर्वानुमान पर नजर डालें तो इस दौरान राज्य के उत्तर पूर्वी इलाके में 64 से 204 मिमी तक वर्षापात के आसार बताए गए हैं। इसके साथ ही कोडरमा, धनबाद और गिरिडीह में भारी बारिश के बारे में चेताया गया है।
मौसम विभाग की ओर से जारी की गई चेतावनी में बताया गया है कि बीते 24 घंटे में कोडरमा में सर्वाधिक 198.4 मिमी बारिश रेकॉर्ड की गई है। धनबाद में 138 मिमी और गिरिडीह में 131 मिमी वर्षापात दर्ज की गई है। चतरा में 110 मिमी, हजारीबाग में 92.6 मिमी और गोड्डा में 80 मिमी बारिश हुई है।
मुख्यमंत्री ने रद किया कोल्हान दौरा
इधर भारी बारिश के कारण मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को कोल्हान दौरा रद कर दिया है। जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले सीएम ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा कि साथियों, भारी बारिश के कारण आज जन आशीर्वाद यात्रा स्थगित कर दी गई है। कल फिर आपके बीच रहूंगा।