हजारीबाग के चौपारण में युवक की धारदार हथियार से हत्या, खूंटा गाड़ने को लेकर हुआ था विवाद Hazaribagh News
Jharkhand News. चौपारण के बसरिया में दोनों पक्ष आपस में मारपीट पर उतारू हो गए। इसी दौरान धारदार हथियार से रोहित पर वार किया गया।
हजारीबाग, जासं। हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के बसरिया गांव में मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय युवक रोहित राणा की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक गाय बांधने को लेकर खूंटा गाड़ने पर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद विवाद गहराता चला गया। दोनों पक्ष आपस में मारपीट पर उतारू हो गए। इसी दौरान धारदार हथियार से रोहित पर वार किया गया। गंभीर हालत में ग्रामीण रोहित को अस्पताल लेकर गए लेकिन वहां पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। दूसरे पक्ष के भी दो लोग घायल हैं। घटना को लेकर अभी भी गांव में तनाव बरकरार है।
बताया जा रहा है कि रोहित राणा खूंटा गाड़ रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोसी ने उसे रोका। इसके बाद विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि इनके बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था। युवक के पिता ने उसके पड़ोसी ने खूंटा गाड़ने के विवाद में मेरे बेटे की हत्या कर दी है। इसमें युवक का चाचा भी मिला हुआ है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की मां दहाड़े मार-मार कर रो रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।