विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हटिया-बानो स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू, रांची स्टेशन को मिला बेस्ट केप्ट का सम्मान

Published: Tue, 01 Sep 2026 11:30 PM (IST)

रेलवे ने त्योहारों के लिए हटिया-बानो के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन शुरू की है, जो 30 नवंबर तक चलेगी। वहीं, ...और पढ़ें

त्योहारों को देखते हुए 30 नवंबर तक चलेगी ट्रेन, दोनों दिशाओं में होंगे 91-91 फेरे।

त्योहारों को देखते हुए 30 नवंबर तक चलेगी ट्रेन, दोनों दिशाओं में होंगे 91-91 फेरे।

HighLights

  1. हटिया-बानो अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 30 नवंबर तक चलेगी।

  2. रांची स्टेशन को 'बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड' मिला।

  3. यात्री सुविधाओं और साफ-सफाई के लिए सम्मान।

जागरण संवाददाता, रांची। आगामी त्योहारों और ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से मंगलवार से हटिया-बानो के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया गया। ट्रेन संख्या 08631 मंगलवार को पहली बार हटिया से बानो के लिए रवाना हुई।

पहले दिन ट्रेन में यात्रियों की संख्या कम रही। हालांकि, आने वाले दिनों में यात्रियों के बीच ट्रेन की जानकारी बढ़ने के साथ इसमें भीड़ बढ़ने की संभावना है। यह ट्रेन एक सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। दोनों दिशाओं में इसके 91-91 फेरे होंगे।

आठ कोच वाली इस ट्रेन में छह सामान्य श्रेणी और दो एसएलआरडी कोच हैं। हटिया से ट्रेन सुबह 9:15 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सुबह 11:30 बजे बानो पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 08632 बानो से शाम 4:30 बजे रवाना होकर शाम सात बजे हटिया पहुंचेगी। ट्रेन के चलने से हटिया, कर्रा, लोधमा, पोकला सहित मार्ग के छोटे स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रांची स्टेशन को मिला बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड

यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और बेहतर रख-रखाव के लिए रांची रेलवे स्टेशन को बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड प्रदान किया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के कोलकाता में आयोजित दक्षता शील्ड वितरण समारोह-2026 में रांची स्टेशन को यह सम्मान मिला।

समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने रांची रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार को बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड प्रदान किया। इस दौरान रांची रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह समेत दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

रांची स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के साथ साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं के बेहतर रख-रखाव को ध्यान में रखते हुए यह सम्मान दिया गया है। स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, प्रतीक्षालय, पार्किंग और परिसंचरण क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई और रख-रखाव किया जा रहा है।

मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक करुणा निधि सिंह ने रांची स्टेशन पर बेस्ट केप्ट स्टेशन शील्ड को प्रदर्शन के लिए प्रदान किया। उन्होंने स्टेशन के बेहतर रख-रखाव और साफ-सफाई में योगदान देने वाले कर्मचारियों की सराहना की।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्रेया सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन और मंडल परिचालन प्रबंधक बीएन शर्मा मौजूद थे। मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन प्रबंधक सतीश कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक बिपिन कुमार और मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक महेंद्र सिंह को शील्ड सौंपा।

उन्होंने कहा कि स्टेशन को स्वच्छ और बेहतर बनाए रखने में स्टेशन प्रबंधन, स्वास्थ्य, वाणिज्य समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।