गुमला में किशोरी का अपहरण कर 2 दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म Gumla News
Jharkhand Crime News. उसकी पुत्री 17 मई की रात में शौच के लिए शाम सात बजे घर से बाहर निकली थी। उसी दौरान गांव के दो युवकों ने उसका अपहरण कर लिया।
घाघरा (गुमला), जासं। गुमला जिले के घाघरा प्रखंड के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी का अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को दो युवकों ने अंजाम दिया है। दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले युवाओं ने लड़की को दो दिनों तक अपने कब्जे में रखा। दो दिन बाद दोनों दुष्कर्म के आरोपियों ने अपहृत लड़की को उसके माता पिता के हवाले करते हुए धमकी दी थी कि यदि घटना की जानकारी किसी को दी या पुलिस की मदद ली तो सर कलम कर दिया जाएगा। इस कारण मामले के प्रकाश में आने में दो सप्ताह का समय लगा।
गुरुवार को लड़की के पिता ने थाना में की गई लिखित शिकायत में कहा है कि उसकी पुत्री 17 मई की रात में शौच के लिए शाम सात बजे घर से बाहर निकली थी। गांव के दो युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। काफी खोजबीन की गई थी। लेकिन लड़की का पता नहीं चला। 19 मई को दुष्कर्मियों ने स्वयं ही उसकी बेटी को घर पर पहुंचा दिया था।
लेकिन किसी तरह इस घटना की जानकारी लड़की के भाइयों को मिली तो उन लोगों ने मामला पुलिस तक पहुंचा दिया। दोनों आरोपी अपराधी प्रवृति के हैं और गांव के लोग उन दोनों से भय खाते हैं। थाना प्रभारी सुधीर प्रसाद साहु ने बताया कि इस आशय का एक लिखित शिकायत पत्र मिला है। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस निकल चुकी है।