Gandhi Jayanti: गांधी जयंती पर राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बापू को अर्पित किया श्रद्धा सुमन
Gandhi Jayanti राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांधी जयंती पर छोटानागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान (सर्वोदय आश्रम) तिरिल थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। बापू एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
रांची, जासं। आज बापू एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर विभिन्न जगहों पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। राज्यपाल रमेश बैस एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांधी जयंती के अवसर पर छोटानागपुर खादी ग्रामोद्योग संस्थान (सर्वोदय आश्रम), तिरिल, रांची स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न लाल बहादुर शास्त्री जी को नमन करते हुए उनके प्रति भी अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की है। राज्यपाल ने कहा है कि सत्य एवं अहिंसा के प्रतीक पूज्य बापू का जीवन दर्शन व आदर्श मानव कल्याण के प्रति समर्पित था। उनके विचार हर पीढ़ी को मानवता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा है कि सादगी के प्रतीक लाल बहादुर शास्त्री जी ने 'जय जवान जय किसान’ के नारे से देश में नव-ऊर्जा का संचार करने का काम किया है। उनकी सादगी, ईमानदारी, निष्ठा व दृढ़ निश्चय स्वभाव सदा स्मरण किए जाएंगे और सबों के लिए प्रेरणा का कार्य करेंगे।
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 02 अक्टूबर से 14 नवंबर तक रांची जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अखिल भारतीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सौजन्य से जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किए जानेवाले इस व्यापक कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जयंती पर प्रभात फेरी के साथ हुई। इस दौरान जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर आयोजित किए जानेवाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर शुक्रवार को मोहराबादी स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागर में ब्रीफिंग की गई थी। उपविकास आयुक्त विशाल सागर ने जिलास्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कार्यक्रम की रुपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
हर दिन दो नये पंचायतों में जागरुकता
लगभग 45 दिनों तक जिला, प्रखंड, पंचायत और गांव स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें हर दिन दो नये पंचायतों में लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरुक किया जाएगा। उपविकास आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को 08 अक्टूबर तक आयोजित किये जानेवाले कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी और कहा कि प्रतिदिन किन दो नई पंचायतों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इसकी सूची तैयार कर लें।
लीगल अवेयरनेस के साथ दिया जाएगा योजना का लाभ भी
आजादी का अमृत महोत्सव के तहत अखिल भारतीय जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी के साथ विधिक जानकारी भी दी जाएगी। विभिन्न विभागों के कैंप के साथ लीगल अवेयरनेस कैंप भी लगाए जाएंगे। योजना के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण और नए लाभुकों को योजना से जोड़ने का काम भी किया जाएगा। ब्रीफिंग के दौरान डालसा सचिव कमला कुमारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।