17वीं पुलिस ड्यूटी मीट शुरू, राज्यपाल ने किया उद्घाटन Ranchi News
Jharkhand. ड्यूटी मीट में कुल सात क्षेत्रीय टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में दस विषयों पर परीक्षा ली जाएगी। विजेता टीम को ट्रॉफी दी जाएगी।
रांची, जासं। राजधानी रांची के डोरंडा स्थित जैप -1 परिसर में सोमवार को 17वीं पुलिस ड्यूटी मीट शुरू हो गई। मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। ड्यूटी मीट में कुल सात क्षेत्रीय टीमें हिस्सा ले रही है। इसमें दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र रांची, कोल्हान क्षेत्र चाईबास, उतरी छोटानागपुर क्षेत्र हजारीबाग, कोयला क्षेत्र बोकारो, पलामू क्षेत्र डाल्टेनगंज, संथाल परगना क्षेत्र दुमका व सीआइडी क्षेत्र रांची हिस्सा ले रहे हैं। मौके पर डीजीपी कमल नयन चौबे, डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू, डीजी होमगार्ड एमवी राव, एडीजी रेल प्रशांत सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद हैं।
दस विषयों पर आयोजित है प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में दस विषयों पर परीक्षा ली जाएगी। इस प्रतियोगिता में शामिल सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय टीम को ओवर ऑल चैम्पियनशीप वीनर ट्रॉफी दी जाएगी। उपविजेता क्षेत्रीय टीम को ओवर ऑल चैम्पियनशीप रनर ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में तीन सर्वश्रेष्ठ अनुसंधानक को डॉ बीबी सहाय मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।