राजभवन उद्यान में राज्यपाल ने आम लोगों से पूछा, कैसा लग रहा है घूमने में Ranchi News
Jharkhand. गुरुवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू उद्यान में घूमने आए लोगों से मिलीं और उनसे बात की। राज्यपाल को अपने बीच पाकर लोग खुश हुए
रांची, [संजय सुमन]। राजधानी रांची स्थित राजभवन उद्यान इन दिनों आम लोगों के लिए खुला हुआ है। यहां राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोग राजभवन उद्यान में लगे फूल-पौधे देखने के लिए आ रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू उद्यान में घूमने आए लोगों से मिलीं और उनसे बात की। उद्यान घूमने के दौरान लोगों से बात करते हुए उन्होंने पूछा कि आप लोगों को राजभवन उद्यान घूमने में कैसा लग रहा है। राज्यपाल को अपने बीच पाकर लोग खुश हुए और उनसे बात की। लोगों ने राज्यपाल संग फोटो भी खिंचवाए।
बता दें कि हजारों की संख्या में लोग यहां रोज पहुंच रहे हैं। राजभवन उद्यान 2 फरवरी से 16 फरवरी तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। इस दौरान लोग यहां लगे विभिन्न तरह के फूलों को देख सकेंगे। सुबह दस से दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक उद्यान में प्रवेश करने का समय है।
इस उद्यान में औषधीय गुण वाले सोलह किस्म के पौधे मौजूद हैं। इन पौधों से कई बीमारियों का घरेलू उपचार किया जा सकता है। इन पौधों में मुख्य रूप से कपूर, हिंग, बनप्याज, लेमन, लौंग, पाषण, पुदीना, काली तुलसी, मशक दाना, हड़जोड़, भृगराज, कबाब चीनी, स्टेबिया, कालमेघ, ग्रास, अमृता, गंधा प्रसारणी के पौधे मौजूद हैं।
यहां प्रवेश बिल्कुल निश्शुल्क है। 52 एकड़ में फैले राजभवन उद्यान में जहां 100 प्रकार के गुलाबों की वेरायटी है, वहीं कई विदेशी फूल हैं। विश्वभर के 55 प्रकार के सुगंधित व आकर्षक फूलों का बगीचा है। वहीं, इस बार सात नए मेहमान (गुलाब) भी हैं, जिन्हें उद्यान की खूबसूरती बढ़ाने के लिए दूसरे देशों से मंगाया गया है। इनमें फ्रिजिया, आयरिस, रोजमेरी, ग्लेक्सोनिया, जरबेरा, ट्यूलिफ शामिल हैं।