कृषि उपज व पशुधन विपणन बिल पर चर्चा के लिये मंत्री को राज्यपाल ने बुलाया राजभवन, बोले- जनहित में बनाएं विधेयक
राज्यपाल रमेश बैस झारखंड राज्य कृषि उपज और पशुधन विपणन विधेयक 2022 से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने इस विधेयक पर चर्चा के लिए बुधवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल और विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी को राजभवन बुलाया।
राज्य ब्यूरो, रांची: राज्यपाल रमेश बैस झारखंड राज्य कृषि उपज और पशुधन विपणन विधेयक, 2022 से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने इस विधेयक पर चर्चा के लिए बुधवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल और विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी को राजभवन बुलाया।
राज्यपाल ने दोनों के साथ विधेयक पर विस्तार से चर्चा की। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे विधेयक बने जो जनहित में हो और लोगों की जेब पर अतिरिक्त भार न पड़े। मंत्री व सचिव ने राज्यपाल को विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव डा. नितिन कुलकर्णी भी मौजूद थे।
बता दें कि राज्यपाल ने इस विधेयक को राज्य सरकार को वापस लौटा दिया था। राज्यपाल ने विधेयक के हिंदी और अंग्रेजी प्रारुपों में भिन्नता होने के आधार पर इसे वापस लौटाया था। इसके बाद राज्य सरकार ने इसमें संशोधन करते हुए विधानसभा के शीत कालीन सत्र में दोबारा पारित कराकर राज्यपाल की स्वीकृति के लिए भेजा था।
विधेयक में किसानों के उत्पाद को बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से व्यवस्था करने और अन्य राज्याें से आयातित वस्तुओं पर अधिकतम स्लैब में दो प्रतिशत कृषि शुल्क लगाने का प्रविधान किया गया है। राज्यपाल से चर्चा के बाद मंत्री व सचिव ने राजभवन उद्यान का भ्रमण किया एवं उद्यान की सौंदर्यता की सराहना की।