ऑनर किलिंग का डर ऐसा कि थाने में लेने पड़े फेर
थाने में शादी के दौरान परिजन ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के माध्यम से आशीर्वाद दे रहे थे। कई विधि-विधान ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग से की गई।
रांची, जेएनएन। मध्यप्रदेश के धार जिला के मनावर टुकी के रहने वाले एक प्रेमी जोड़े की कोतवाली थाने में शादी कराई गई। युवक सुमित श्यामलाल पवार हैं। वह इंजीनियर हैं। युवती दिव्यानी शर्मा पीजी की छात्रा है। उसके पिता नहीं है। दोनों रविवार को ऑनर किलिंग के डर से थाने पहुंचे थे। उन्हें सामाजिक संगठन के लोग कोतवाली थाना लाए थे। दोनों के परिजन उनके प्रेम-प्रसंग के खिलाफ थे। आशंका जता रहे थे कि दोनों के परिजन उनकी हत्या करवाना चाह रहे थे। इस डर से दोनों मध्यप्रदेश से भाग कर कटहल मोड़ स्थित एक किराये के मकान में रह रहे थे।
बीते नवंबर महीने में दोनों रांची पहुंचकर रह रहे थे। एक निजी कंपनी में युवक काम कर रहा था। दोनों की पहचान एक सामाजिक संगठन के सदस्य से हुई। इसके बाद समाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी मदद की बात कही। इस बीच रविवार को दोनों के परिजन रांची पहुंचे थे। इसके बाद दोनों के परिजन उन्हें अलग कराने की बात कह रहे थे। इसपर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दोनों को कोतवाली थाने पहुंचा दिया। थाने में दोनों पक्षों की काउंसिलिंग हुई। इसके बाद दोनों ने थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में शादी कराने की बात कही। कोतवाली थानेदार श्यामानंद मंडल के पहल पर पंडित बुलवाकर दोनों की शादी करवा दी गई है।
परिजनों ने दोनों को दिया ऑनलाइन आशीर्वाद
थाने में शादी के दौरान परिजन ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग के माध्यम से आशीर्वाद दे रहे थे। कई विधि-विधान ऑनलाइन वीडियो कॉलिंग से की गई। दोनों के परिजन जब थाने में शादी के लिए तैयार हो गए, तब मध्यप्रदेश में बैठे परिजनों को इक_ा किया गया। शादी के दौरान ऑनलाइन ही पुष्प वर्षा की गई। आशीर्वाद भी दिए। यह देख सभी खुश थे। थाने के पुलिसकर्मियों ने भी विवाह के बाद दोनों को आशीर्वाद दिया। पुलिस की इस पहल की सभी ने सराहना की।