Move to Jagran APP

गोमिया उपचुनाव की हुई अनुशंसा, अमित महतो की सदस्यता रद होने का इंतजार

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने गोमिया उपचुनाव की अनुशंसा भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Sun, 01 Apr 2018 10:14 AM (IST)Updated: Sun, 01 Apr 2018 10:16 AM (IST)
गोमिया उपचुनाव की हुई अनुशंसा, अमित महतो की सदस्यता रद होने का इंतजार
गोमिया उपचुनाव की हुई अनुशंसा, अमित महतो की सदस्यता रद होने का इंतजार

नीरज अम्बष्ठ, रांची। झारखंड में गोमिया तथा सिल्ली विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव एक साथ होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने गोमिया उपचुनाव की अनुशंसा भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी है। उम्मीद की जा रही थी कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के साथ इसके उपचुनाव भी करा लिए जाएंगे। लेकिन आयोग ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के साथ यहां के उपचुनाव की घोषणा नहीं की। ऐसे में अब लगभग तय माना जा रहा है कि राज्य में दोनों उपचुनाव एक साथ होंगे।

loksabha election banner

कोयला चोरी मामले में योगेंद्र प्रसाद को सजा होने के बाद गोमिया विधानसभा की सीट खाली हुई है। वहीं, सीओ के साथ मारपीट व गाली-गलौज के मामले में 23 मार्च को सिल्ली विधायक अमित महतो को दो साल की सजा हुई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय झारखंड विधानसभा से इनकी सदस्यता रद करने का इंतजार कर रहा है। इसकी अधिसूचना मिलने के बाद सिल्ली उपचुनाव की भी अधिसूचना आयोग को भेज दी जाएगी। बता दें कि दोनों सीटों पर झामुमो का कब्जा था।

भाजपा-आजसू गठबंधन पर पड़ सकता है असर

दोनों सीटों के उपचुनाव का भाजपा-आजसू के गठबंधन पर भी असर पड़ सकता है। 2014 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत सिल्ली सीट आजसू को मिली थी, जबकि गोमिया सीट भाजपा ने अपने पास रखी थी। अब आजसू दोनों सीटों पर अपना दावा ठोकेगी। सिल्ली सीट को लेकर तो कोई विवाद नहीं होगा, लेकिन गोमिया सीट देने पर भाजपा एतराज कर सकती है।

इधर, आजसू ने गोमिया से मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी के आप्त सचिव लंबोदर महतो को प्रत्याशी बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। राज्य प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी रहे लंबोदर महतो ने तो वीआरएस लेकर अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है।

2014 के विधानसभा चुनाव में गोमिया से मजबूत प्रत्याशी के रूप में योगेंद्र प्रसाद के होते हुए भी आजसू ने गठबंधन में यह सीट भाजपा के लिए छोड़ दी थी। तब योगेंद्र प्रसाद ने झामुमो में शामिल होकर इस सीट पर कब्जा कर लिया था।

गोमिया उपचुनाव की अनुशंसा भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है। झारखंड विधानसभा से विधायक अमित महतो की सदस्यता रद किए जाने की अधिसूचना का इंतजार हो रहा है। इसके बाद सिल्ली उपचुनाव की भी अनुशंसा भेज दी जाएगी।

-एल खियांग्ते, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड।
 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.