गोड्डा में नया पुल टूटने पर बड़ी कार्रवाई, ठेकेदार पर FIR -दो इंजीनियर सस्पेंड
Bridge fall down. राज्य सरकार ने गोड्डा के पकडि़या में नया पुल के टूट जाने के मामले में कंपनी को ब्लैकलिस्टेड कर एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को भी सस्पेंड किया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। गोड्डा के खट्टी नदी पर बने नवनिर्मित पुल के टूटने के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में राज्य सरकार ने संबधित ठेकेदार दिव्या कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। दिव्या कंस्ट्रक्शन को काली सूची में भी डालने का निर्देश दिया गया है। पुल निर्माण में मॉनिटरिंग के लिए जिम्मेदार कार्यपालक अभियंता श्रवण कुमार सिन्हा तथा कनीय अभियंता महेंद्र तिवारी को भी कर्तव्य में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि बीते दिन गोड्डा में 4.40 करोड़ की लागत से बना नया पुल टूट गया था। जिस पर आमने-सामने दो ट्रक फंस गए थे। यह पुल पथरगामा प्रखंड की कोरका घाट पंचायत के पकड़िया ग्राम में चीर नदी पर 4.40 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया था। करीब तीन साल पहले विधायक अमित मंडल की गृह पंचायत में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत मेसर्स दिव्या कंस्ट्रक्शन कंपनी ने इसका निर्माण कराया था। दिव्या कंस्ट्रक्शन कंपनी पूर्व विधायक संजय यादव के भाई वकील यादव की पत्नी की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 11 अक्टूबर, 2014 को मेसर्स दिव्या कंस्ट्रक्शन कंपनी ने इसके निर्माण के लिए विशेष प्रमंडल गोड्डा के साथ एग्रीमेंट किया था। कनीय अभियंता महेंद्र तिवारी की देखरेख में इसका निर्माण कराया गया। 29 मार्च, 2016 को इसका निर्माण पूरा हो गया। इसके बाद भुगतान के लिए बिल प्रस्तुत किया गया। 13 जुलाई, 2016 को 4.38 करोड़ का भुगतान कंपनी को कर दिया गया। इस पुल का विधिवत उद्घाटन भी अब तक नहीं हो पाया था।
निशिकांत दुबे ने कहा- जांच का दायरा अभी और बढ़ेगा : सांसद निशिकांत दुबे ने कोरका-पकडिय़ा मार्ग पर बने पुल के धंसने पर सरकार के स्तर से हुई कार्रवाई पर संतुष्टि जताई है। कहा कि ऐसे मामले को लेकर केंद्र व राज्य सरकार गंभीर है। अभी कार्रवाई शुरू ही हुई है। मामले को प्रधानमंत्री ने संज्ञान में लिया है। कहा कि इस मामले में कार्य में लगी एजेंसी व दोषी अभियंता की गहन जांच होगी। पूर्व के र्यों की भी जांच होगी। इससे विरोधी दल के विधायक को सीख लेने की जरूरत है। वे न तो ठेकेदारी करते है न ही भ्रष्ट ठेकेदारों को संरक्षण देते हैं। भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
अमित मंडल बोले, किसी कीमत पर नहीं बचेंगे भ्रष्टाचारी : विधायक अमित कुमार मंडल ने पथरगामा के कोरका-पकरिया मार्ग पर निर्मित पुल के धंसने के मामले में हुई कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त की है। कहा कि अभी तो कार्रवाई शुरू ही हुई है। दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी। कहा कि भाजपा सरकार जब से सत्ता में आई है इस तरह के भ्रष्टाचार को उजागर करने का काम किया है। कहा कि पूर्व में टेंडर मैनेज कर प्राक्कलित राशि से सात से दस फीसद अधिक देकर लोग काम लोग लेते थे। उनके विधायक बनने के बाद इसपर रोक लगी है। कहा कि टेंडर मैनेज का खेल पहले से होता आया है। यह बड़ा घोटाला है। इसकी भी गहराई से जांच होगी।
यह भी पढ़ें : गोड्डा में 4.40 करोड़ की लागत से बना पुल टूटा