छात्राएं बनीं स्कूल की प्रिंसिपल-वाइस प्रिंसिपल, स्कूल प्रबंधन ने दाखिले में विशेष छूट का किया प्रविधान
International Womens Day Jharkhand News स्कूल के प्राचार्य विजय कुमार शर्मा ने संबोधित किया। कहा कि लिंग भेद को मिटाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आने की आवश्यकता है। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
रांची, जासं। Jharkhand News रांची के निर्मला कान्वेंट स्कूल में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल की छात्राएं एक दिन के लिए प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल बनीं। स्कूल प्रबंधन की तरफ से विद्यालय में होने वाले दाखिले में छात्राओं के लिए विशेष छूट की घोषणा की गई है। कार्यक्रम को स्कूल के प्राचार्य विजय कुमार शर्मा ने संबोधित किया। कहा कि लिंग भेद को मिटाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आने की आवश्यकता है।
वाइस प्रिंसिपल विमलेश कुमार अवस्थी ने कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में आ गई हैं। नारी शिक्षा को और अधिक बढ़ावा देने की आवश्यकता है। ग्रामीण इलाकों में विशेष रूप से इसके लिए जन जागरुकता अभियान चलाया जाना चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक सीमा शर्मा के प्रस्ताव पर स्कूल की छात्रा सृष्टि सिंह को 1 दिन के लिए प्रधानाध्यापक तथा रेशम कुमारी को उप प्रधानाध्यापक बनाया गया। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से मनाया गया महिला दिवस
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने एसएस मेमोरियल कॉलेज में महिला शिक्षकों को सम्मानित किया। सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कॉलेज इकाई की ओर से एसएस कॉलेज में कार्यक्रम का आयोजन कर महिला शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस अवसर पर अभाविप के सदस्यों ने महिला शिक्षकों को उपहार स्वरूप किताब, पेन दिया और उन्हें मिठाई खिलाई। इस अवसर पर मुख्य रूप से छात्र नेता अशुतोष द्विवेदी, सह मंत्री अंकित रंजन, शुभम पुरोहित, उपसचिव जनमजय सिंह व अन्य सदस्य कामाख्या सिंह, अमित कुमार आदि कई छात्र छात्राएं उपस्थित थे। यह जानकारी धीरज ने दी।