भाजपा नेता हत्याकांड में सामने आ रहा लड़की का विवाद, जांच में जुटी पुलिस
भाजपा नेता सह सीसीएल कर्मी व टेरर फंडिंग के आरोपित प्रेम सागर मुंडा हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आ रहा है। पुलिस को जनाकारी मिली है कि प्रेम सागर मुंडा की हत्या में लड़की का विवाद सामने आ रहा है। हालांकि इसपर पुलिस अभी जांच कर रही है।
रांची, जासं । भाजपा नेता सह सीसीएल कर्मी व टेरर फंडिंग के आरोपित प्रेम सागर मुंडा हत्याकांड में एक नया मोड़ सामने आ रहा है। पुलिस को जनाकारी मिली है कि प्रेम सागर मुंडा की हत्या में लड़की का विवाद सामने आ रहा है। हालांकि इसपर पुलिस अभी जांच कर रही है। शूटरों की पहचान की कोशिश की जा रही है। अब तक की जांच में पुलिस को पता चला है कि बिहार के शूटर रांची आकर प्रेम सागर की हत्या कर फरार हुए हैं। अबतक इस हत्या की वजह टीएसपीसी से 100 करोड़ का लेवी विवाद सामने आया था, हालांकि टीएसपीसी ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से इन्कार किया था। पुलिस का फोकस शूटरों को पकडऩे पर है। पुलिस अबतक दो दर्जन से ज्यादा संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है।
बाइक चोरी की घटना के तह तक जाएगी पुलिस
पुलिस ने चिरौंदी साइंस सिटी के पास घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की है। संबंधित बाइक पटना के कंकड़बाग में वर्ष 2017 में चोरी की गई थी। इस बाइक चोरी के तह तक जाकर पुलिस अपराधियों से सुराग जोड़ेगी। एक टीम बिहार भेजा जाएगा। हालांकि पटना पुलिस भी रांची पुलिस की जांच में सहयोग कर रहा है। कंकड़बाग में बाइक के मिलने से पुलिस आस्वस्थ हो गई है कि शूटरों का जुड़ाव बिहार से है। रांची पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज को बिहार पुलिस को देकर पहचान की कोशिश कराई जा रही है।
दो अपराधियों ने मारी थी गोली
तीन मार्च 2020 की शाम करीब सात बजे के करीब प्रेम सागर मुंडा अपने फॉच्र्यूनर एसयूवी (जेएच-01बीटी-0009) से मोरहाबादी स्थित पार्क प्राइम होटल के पास रुका हुआ था। एक चाय की दुकान पर चाय मांगी थी। इसबीच वहां पहुंचे अपराधियों ने उससे बातचीत की। इस दौरान अचानक उसपर गोलियां चलाने लगे। गोलियों की आवाज सुनकर वहां भगदड़ मच गई। गोली मारे जाने के बाद अपराधी मान्या पैलेस के बगल से एदलहातू के रास्ते भाग निकले थे। मामले में प्रेम सागर के बेटे अश्विनी सागर के बयान पर अज्ञात अपराधियों पर एफआइआर दर्ज की गई थी।