PM Awas Yojana: प्रधानमंत्री आवास पाकर खिल उठे चेहरे... रांची में 112 लाभुकों को कराया गया गृह प्रेवश
PM Awas Yojana रांची में लंबे समय से लाभुक आवास का कर रहे थे इंतजार। 180 लाभुकों का हुआ था चयन। 68 की राशि जमा नहीं होने से नहीं मिल सका है आवास। गृह प्रवेश के मौके पर मौजूद थे सांसद दीपक प्रकाश मेयर आशा लकड़ा व विधायक नवीन जायसवाल।
रांची, जागरण संवाददाता। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत बनहोरा में निर्मित जी प्लस-तीन आवास के 112 लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया। बनहोरा परिसर में सुबह राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश, रांची नगर निगम की मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय और हटिया क्षेत्र के विधयक नवीन जायसवाल ने संयुक्त रूप से गृह प्रवेश कार्यक्रम का शुभारंभ किया। लंबे समय से इंतजार कर रहे सभी 112 लाभुकों को इसका इंतजार था। रविवार को आवास मिलते ही सभी के चेहरे खिल उठे। लोगों ने कहा कि आशियाना पाकर सपने साकार हुए। सभी लाभुकों को चाबी दी गई और गृह प्रवेश कराया गया।
नगर निगम ने 180 लाभुकों का किया था चयन
बता दें कि साल 2020 दिसंबर में निगम ने बनहोरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 180 लाभुकों का चयन किया था। दो चरणों में लाटरी के माध्यम से आवासों का आवंटन किया गया था। लेकिन इन्हें आवास की चाबी नहीं दी गई थी। इसे लेकर लाभुकों ने सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी के कार्यालय का घेराव भी किया था। वहीं, इनमें 68 लाभुकों ने अब तक राशि जमा नहीं की है। मौके पर उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार, सहायक नगर आयुक्त शीतल कुमारी सहित नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद थे।
आवास नहीं मिलने के कारण लाभुक लगा रहे थे निगम का चक्कर
बनहोरा में पिछले साल ही करीब 300 लाभुकों को फ्लैट आवंटित किया गया था। लेकिन उन्हें फ्लैट की चाबी नहीं मिलने से परेशान थे। वे निगम का चक्कर भी लगा रहे थे। जिसके बाद निगम ने बाबू को को गृह प्रवेश कराया। इसमें चयनित सभी 112 लोग रविवार को शामिल हुए और अपने फ्लैट की चाबी प्राप्त की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजना का मिल रहा लाभ
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वपनिल योजना का लाभ हर अंतिम लाभुकों तक पहुंच रहा है। बेघरों को आवास मिल रहा है। प्रधानमंत्री की योजनाएं गरीबों के लिए रामबाण साबित हो रही हैं। सरकार गरीबों के लिए प्राथमिकता के साथ काम कर रही है।