गढ़वा, जासं। गढ़वा पुलिस को एक बार फिर आज बड़ी सफलता मिली है। अगर पुलिस तत्पर नहीं होती, तो बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को सोनपुरवा बस स्टैंड से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने मंगलवार को गढ़वा थाना परिसर में इस संबंध में प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।
एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि सोमवार को थाना प्रभारी गढ़वा को सूचना मिली थी कि शहर से एक ज्वेलरी व्यवसाय के साथ लूटपाट की घटना होने वाली है। घटना की सूचना के बाद पुलिस की एक टीम तत्काल शहर के सोनपुरवा बस स्टैंड पहुंची। यहां से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के क्रम में दोनों के पास से एक-एक 315 देसी कट्टा व दो जिंदा गोली बरामद किया गया।
पकड़े गए आरोपी कांडी थाना क्षेत्र के जमुआ गांव निवासी रफीक शाह के पुत्र अजमल शाह व कांडी थाना के पतीला गांव निवासी नूरमोहम्मद अंसारी का पुत्र अजमल अंसारी हैं। इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना ले आई। जानकारी के अनुसार अपराधियों ने बताया कि ज्वेलरी व्यवसायी उत्तर प्रदेश की ओर से धनतेरस का सामान लेकर गढ़वा आ रहा था।
उसे लूटने की योजना इन्होंने बनाई थी। पकड़े गए अपराधी ने बताया कि इन लोगों को इतना मालूम है कि एक ज्वेलरी व्यवसायी के साथ लूट की घटना को अंजाम देना है। इसके एवज में इन लोगों को 25-25 हजार रुपये दिया जाएगा। घटना का मुख्य सरगना पुलिस को देख कर फरार हो गया।
छापेमारी अभियान में अवध कुमार यादव के अलावा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, पीएसआइ रोशन कुमार, अनुरंजन कुमार, अशोक कुजूर, एसआइ अभिमन्यु सिंह, सिपाही कन्हैया कुमार, श्रीकांत पासवान, इंद्र कुमार मंडल आदि शामिल थे।