Garhwa Corona Positive: गढ़वा में आज फिर मिले 2 कोरोना पॉजिटिव, अबतक 59; जानें ताजा हाल
झारखंड में शनिवार को कोरोना के 40 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में अबतक कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 563 पर पहुंच गई है। जमशेदपुर में आज 27 नए मामले मिले।
रांची, जेएनएन। झारखंड में शनिवार को कोरोना के 40 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही राज्य में अबतक कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 563 पर पहुंच गई है। जमशेदपुर में आज 27 नए मामले मिले। हजारीबाग और सिमडेगा में 4-4 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। खूंटी और गढ़वा में भी दो-दो नए मामले मिले हैं। पलामू और गुमला में एक-एक पॉजिटिव केस सामने आए हैं।
गढ़वा जिले में दो प्रवासी मजदूर मिले पॉजिटिव
गढ़वा जिले में प्रवासी मजदूरों में कोरोना संक्रमण का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की शाम स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट में दो और प्रवासी मजदूरों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें एक मजदूर सदर प्रखंड के दुबे मरहटिया गांव के बरवाही टोला का रहनेवाला है। जबकि संक्रमित मिला एक अन्य मजदूर धुरकी प्रखंड के टाटीदीरी का रहनेवाला है। इन दोनों को प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड अस्पताल मेराल में भर्ती कराया गया।
गुजरात के सूरत व अहमदाबाद से आए हैं संक्रमित मजदूर
इसके साथ ही जिले में अब तक मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या 59 हो गई है। इनमें पांच गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के तथा 54 जिले के विभिन्न प्रखंडों के ग्रामीण इलाके के रहनेवाले हैं। जानकारी के अनुसार दुबे मरहटिया का मजदूर गुजरात के सूरत से 17 मई को गढ़वा लौटा था। उसके साथ गांव के छह अन्य लोग भी सूरत से आए थे। सदर अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद होम क्वारेन्टाइन में घर भेजे गए थे। 19 मई को उन सभी को गवर्नमेंट क्वारेन्टाइन में दुबे मरहटिया विद्यालय में रखा गया। जबकि 27 मई को सूरत से आए सातों प्रवासी मजदूरों का सैंपलिंग किया गया था। इनमें एक मजदूर का रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव तथा छह लोगों का रिपोर्ट निगेटिव पाया गया है।
संक्रमितों की संख्या 59 तक पहुंची, 50 मरीज स्वस्थ होकर जा चुके हैं घर
टाटीदीरी का प्रवासी मजदूर अहमदाबाद से 19 मई को गढ़वा आया था। 20 मई को श्रीबंशीधर नगर में उसका सवास्य परीक्षण व स्वाब सैंपल लिया गया था। इसके पश्चात टाटीदीरी स्थित गवर्नमेंट क्वारेन्टाइन केंद्र रखा गया था। बताया गया कि उसके साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों के 10 लोग घर लौटे थे। स्वास्थ्य विभाग उन सभी का ट्रेकिंग कर रहा है। इधर, मेराल स्थित कोविड अस्पताल में इलाजरत 15 लोगों का फाइनल रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। अब तक कोविड अस्पताल से कुल 50 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। कोविड अस्पताल में फिलवक्त 9 मरीज इलाजरत हैं।
झारखंड में शनिवार को मिले कुल 40 कोराेना केस
- जमशेदपुर : 27
- हजारीबाग : 04
- सिमडेगा : 04
- गढ़वा : 02
- पलामू : 01
- गुमला : 01
- खूंटी : 02