Weather Alert: झारखंड में लू से 4 की मौत, वज्रपात ने ली 3 की जान
तपिश ने गुरुवार को चार लोगों की जान ले ली। वहीं रांची के बुढ़मू रामगढ़ के कुजू और सिमडेगा के ठेठईटांगर में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत हो गई जबकि कई घायल हो गए।
रांची, जेएनएन। झारखंड में जनमानस पर मौसम की मार जारी है। इधर तेज लू ने चार लोगों की जान ले ली, तो उधर वज्रपात ने दो जिंदगियां लील लीं। बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद भी राज्य के अधिकतर इलाकों में तेज लू का कहर जारी है। लगातार बढ़ती तपिश ने गुरुवार को चार लोगों की जान ले ली। वहीं रांची के बुढ़मू, रामगढ़ के कुजू और सिमडेगा के ठेठईटांगर में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि ठनका से झुलसने के कारण कई लोग घायल हैं।
- लू से खरसावां में दो और घाटशिला व गढ़वा में एक-एक की मौत
- रांची के बुढ़मू व रामगढ़ के कुजू में वज्रपात से दो महिलाओं की मौत
- दो दिनों तक गढ़वा, पलामू, लातेहार व चतरा जिले में कुछ स्थानों पर हीट वेव की संभावना
लू लगने से सरायकेला खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड के रेंगोगोड़ा गांव निवासी झामुमो कार्यकर्ता अगनु महतो (60), असुरा गांव के राजमिस्त्री सुकु माझी (46) और पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड के काशिदा निवासी तपन गोराई (50) की मौत हो गई। वहीं तपन गोराई के भाई नित्यांनद गोराई भी लू लगने से गंभीर हैं। लू की वजह से जान गंवाने वाले अगनु मांझी झामुमो कार्यकर्ता थे, जबकि सुकु मांझी राजमिस्त्री। दूसरी ओर गढ़वा में लू लगने से पुरानी बाजार निवासी चाट-पकौड़ा दुकानदार विकास केशरी (35) की मौत हो गई।
उधर रांची के बुढ़मू में वज्रपात की चपेट में आने से गुरुवार को सारले पंचायत के तिलैया टोला निवासी प्रेम गंझू की पत्नी आरती देवी की मौत हो गई। वहीं इस घटना में उसके पति प्रेम गंझू सहित चार लोग घायल हो गए। वहीं रामगढ़ के कुजू में दो अलग-अलग स्थानों पर गुरुवार को हुए वज्रपात में एक महिला बड़की डूंडी निवासी देवंती देवी (32) की मौत हो गई, जबकि कुसुमडीह चैनपुर निवासी युवक सिकंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर सिमडेगा के ठेठईटांगर प्रखंड के ताराबोगा पंचायत अंतर्गत कुरुमडेगी गांव मे वज्रपात से एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए।
मौसम वैज्ञानिक आरएस शर्मा के मुताबिक आगामी दो दिनों तक गढ़वा, पलामू, लातेहार व चतरा जिले में कुछ स्थानों पर हीट वेव (लू) चलने की संभावना है। उधर 15 से 17 जून तक राज्य के उत्तरी, दक्षिणी व मध्य जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ वज्रपात होने की संभावना है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप