विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jharkhand: कौन हैं हेमंत सरकार में मंत्री बननेवाली बेबी देवी, घर के बाद अब संभालेंगी पति की राजनीतिक विरासत

By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
Published: Sun, 02 Jul 2023 12:44 PM (IST)

Baby Devi जगरनाथ महतो के निधन के बाद हेमंत सरकार ने उनकी पत्नी को मंत्री बनाने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

Former Minister Jagarnath Mahto: बेबी देवी बनेंगी मंत्री
Former Minister Jagarnath Mahto: बेबी देवी बनेंगी मंत्री

राज्य ब्यूरो, रांची। राज्य सरकार पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी तीन जुलाई को राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेंगी। वो अपने पति जगरनाथ महतो के निधन के बाद रिक्त पद पर मंत्री बनेंगी।

जगरनाथ महतो के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ही उनके दोनों विभागों स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब राज्य सरकार ने उपचुनाव से पहले बेबी देवी को मंत्री बनाने का निर्णय लिया है।

इससे डुमरी उपचुनाव में बेबी देवी का यूपीए की प्रत्याशी होना तय हो गया है। झामुमो केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बेबी देवी को मंत्री बनाने का निर्णय लिया है। वह डुमरी उपचुनाव में यूपीए की साझा प्रत्याशी होंगी।

किसान परिवार में जन्म

पति की विरासत संभालने वाली बेबी देवी का जन्म धनबाद के गोमो स्थित जीतपुर गांव के एक किसान परिवार में हुआ था। उनकी उम्र 50 साल है। बेबी के दो भाई और एक बहन हैं, वह सबसे छोटी हैं।

शादी हुई तब जागरनाथ महतो उभरते नेता थे

जब बेबी देवी की शादी जगरनाथ महतो से हुई, तब महतो झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता व उभरते हुए नेता थे। बाद में जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा सीट से जीतकर विधायक बने। हालांकि, बेबी राजनीति से दूर रहकर घर संभालती रहीं।

चारों बेटियों को दिलाई उच्च शिक्षा

पति के रहते बेबी अपने पांच बच्चों की बेहतर परवरिश में लगी रहीं। दिवंगत जगरनाथ महतो व बेबी शुरू से ही शिक्षा का महत्व समझते थे। सो, अपनी चारों बेटियों सुनीता देवी, रानी देवी, पूनम देवी, गीता देवी को उच्च शिक्षा दिलाई।

पुत्र अखिलेश महतो उर्फ राजू भी वकालत की पढ़ाई कर रहा है। अब बेबी देवी अपने दिवंगत पति की राजनीतिक विरासत संभालेंगी।