59 वर्ष के इतिहास में पहली बार पांचों पदों पर अभाविप के उम्मीदवार का निर्विरोध चुना जाना तय
रांची विवि छात्रसंघ चुनाव के परिणाम के बाद अब विवि स्तर पर पांच प्रतिनिधियों का चुना जाना तय है।
जागरण संवाददाता, रांची : रांची विवि छात्रसंघ चुनाव के परिणाम के बाद अब विवि स्तर पर पांच प्रतिनिधियों का चयन होना है। पांचों पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उम्मीदवारों की जीत तय है। रविवार को नामांकन का दिन था जिसमें अभाविप को छोड़कर किसी भी अन्य छात्र संगठनों से जुड़े प्रतिनिधियों ने नामांकन दाखिल नहीं किया। विवि के पांच पदों के लिए छह नामांकन हुए, जिनमें सभी उम्मीदवार अभाविप के हैं। इनमें से एक उम्मीदवार सोमवार को अपना नाम वापस ले लेगा। 27 सितंबर को सभी विजयी उम्मीदवारों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। रांची विश्वविद्यालय के 59 वर्ष के इतिहास में पहली बार होगा जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी निर्विरोध चुने जाएंगे। अब तक किसी भी संगठन को ऐसा मौैका नहीं मिला है।
अध्यक्ष पद के लिए नीरज कुमार, उपाध्यक्ष पद के लिए बरखा कुजूर, सचिव पद के लिए अमिशा सिन्हा, उप सचिव के लिए सौरभ कुमार और संयुक्त सचिव के लिए डब्लू भगत की जीत पक्की है। उप सचिव पद के लिए सौरभ कुमार को खूंटी से आने में देर हो रही थी तो अभाविप की ओर से ऋषभ कुमार को पर्चा भरा दिया गया। बाद में सौरभ आए तो उन्हें भी पचा भरा दिया गया। ऋषभ आज नाम वापस लेंगे। 95 में से 65 वोटर्स अभाविप के -विवि के पांच पदों के लिए चुनाव में मतदाताओं की सूची में 95 नाम हैं। ये विभिन्न कॉलेजों के विजेता प्रत्याशी हैं। इनमें से 65 लोग अभाविप के हैं। पांच पदों के लिए सभी को वोट करना है और जिन्हें 48 वोट आ गए, वह विजेता होगा। ऐसे में अभाविप को जीतने के लिए किसी और पार्टी के वोटर्स के समर्थन की जरूरत नहीं है। इस वजह से अन्य पार्टियों ने अपने उम्मीदवार को मैदान में उतारा ही नहीं। जीत पर दी बधाई
सभी पांचों पदों पर अभाविप की जीत पर प्रदेश संगठन मंत्री याज्ञवल्य्क शुक्ल एवं प्रदेश सह मंत्री दीपेश ने बधाई देते हुए कहा कि यह जीत अभाविप के असंख्य कर्मठ कार्यकर्ताओं के त्याग, निष्ठा, समर्पण एवं अथक परिश्रम की बदौलत संभव हुआ है। इस ऐतिहासिक जीत पर सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं संगठन के मार्गदर्शक को बधाई।