Jharkhand: कुख्यात महाराज प्रमाणिक सहित पांच नक्सली करेंगे आत्मसमर्पण
Jharkhand News Naxals in Jharkhand Hindi Samachar बताया गया है कि झारखंड पुलिस की नक्सलियों से बातचीत चल रही है। ये सभी नक्सली शीघ्र ही हथियार डालेंगे। हालांकि सूत्रों की मानें तो सभी नक्सली पुलिस के पास हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में नक्सलियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान जारी है। पिछले दो महीने में पुलिस ने जिस तरह से नक्सलियों पर दबिश बनाई है, उससे यह संभावना बन रही है कि राज्य में नक्सल गतिविधियां कमजोर पड़ेंगी। सरायकेला-खरसांवा, पश्चिमी सिंहभूम व खूंटी-रांची के सीमावर्ती इलाके में सक्रिय कुख्यात नक्सली 10 लाख का इनामी जोनल कमांडर महाराज प्रमाणिक जल्द ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करेगा। अब जो नई सूचना आ रही है, उसके अनुसार महाराज प्रमाणिक पुलिस के सामने अकेले आत्मसमर्पण नहीं कर रहा है, बल्कि उसके साथ चार अन्य नक्सली भी आत्मसमर्पण करने वाले हैं।
आत्मसमर्पण करने वाले इन चार नक्सलियों में स्वयंभू सब जोनल व एरिया कमांडर रैंक के नक्सलियों के होने की बात सामने आ रही है। इस मामले में पुलिस फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रही है। पुलिस सिर्फ इतना ही बता रही है कि अभी बातचीत चल रही है, आत्मसमर्पण करने वाले अब तक पुलिस के सामने नहीं आए हैं। हालांकि, सूत्रों की मानें तो सभी नक्सली पुलिस के पास हैं और पुलिस को नक्सलियों के गुप्त ठिकानों की सूचनाएं दे रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस अपना अभियान चला रही है।
शांत होगी सरायकेला, खूंटी व रांची की सीमा
महाराज प्रमाणिक व उसके सहयोगियों के आत्मसमर्पण के बाद सरायकेला-खरसांवा, खूंटी व रांची की सीमा शांत पड़ जाएगी। पूर्व की बड़ी घटनाओं जैसे सरायकेला के कुकड़ूहाट में पांच पुलिसकर्मियों की हत्या कर उनके हथियार व कारतूस को लूटने, पश्चिमी सिंहभूम के लांजी में डायरेक्शनल बम से हमला कर तीन पुलिसकर्मियों को मारने सहित कई बड़ी घटनाओं में महाराज प्रमाणिक के शामिल होने की बात सामने आ चुकी है। उसने क्षेत्र में आतंक मचा रखा था।
हाल के दिनों में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
-15 जुलाई : गुमला जिले के कुरुमगढ़ा जंगल में पुलिस से मुठभेड़ में 15 लाख का इनामी माओवादियों का रिजनल कमांडर बुद्धेश्वर उरांव मारा गया।
-17 जुलाई : पश्चिमी सिंहभूम व खूंटी की सीमा पर पुलिस से मुठभेड़ में उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ का जोनल कमांडर शनिचर सुरीन मारा गया।
-19 अगस्त : चतरा में 30 पुलिसकर्मियों का हत्यारा, 15 लाख रुपये का इनामी माओवादियों का रिजनल कमांडर रमेश गंझू उर्फ आजाद गिरफ्तार।
-20 अगस्त : हजारीबाग पुलिस ने झारखंड व बिहार के वांछित नक्सली 25 लाख रुपये के इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य प्रद्युमन शर्मा उर्फ कुंदन उर्फ साकेत उर्फ लूल्हा को गिरफ्तार किया था।