रांची के हिंदपीढ़ी में दिनदहाड़े फायरिंग, नमाज पढ़कर मस्जिद से निकल रहे युवक की हत्या
Murder in Ranchi. रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में मंगलवार की सुबह फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
रांची, जासं। लोकसभा चुनावों को लेकर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए मंगलवार को दिनदहाड़े झारखंड की राजधानी रांची में गोलीबारी हुई है। रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में फायरिंग में एक युवक की मौत की प्रारंभिक जानकारी मिल रही है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। मृतक का नाम मो शोएब अली बताया गया है।
जिस युवक काे गोली मारी गई है, वह पेशे से चालक था।किसी गुगुन नाम के युवक से नोकझोंक के बाद दो बाइक सवार अपराधी पहुंचे और उसे गोली मारकर मौके से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र में हुई गोली बारी में एक युवक काे गोली लगी थी। इलाज के लिए रिम्स पहुंचने के बाद युवक की मौत हो गई। उसे 11.30 बजे के करीब छोटा तालाब के पास गोली मारी गई।
घायल युवक के साथ रिम्स में इलाज कराने पहुंचे सैकड़ों युवक घटना से बेहद आक्रोशित हैं। गोलीबारी में जान गंवाने वाला युवक शोएब खेत मोहल्ला का रहने वाला था। मस्जिदे ऊमर से नमाज़ पढ़कर निकल रहा था। उसी दौरान उसे गोली मार दी गई। मृतक का बड़ा भाई मो. आदिल अली कांग्रेस भवन में आदेशपाल है।