जगन्नाथपुर में दिनदहाड़े फायरिग, दहशत में लोग
रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत फैल गई।
जागरण संवाददाता, तुपुदाना :
रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े फायरिग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार बुधवार को दोपहर करीब बारह बजे जसवीर सिंह के घर में महिला समिति की बैठक चल रही थी। इसमें दर्जनों महिलाएं मौजूद थी। इस बीच अचानक गोलियां चलने की आवाज से लोग घबरा गए। चौतरफा अफरा-तफरी मच गई। जल्दी-जल्दी कमरे से बाहर निकले लोगों ने देखा कि बाइक पर सवार होकर दो युवक फरार हो रहे हैं। तत्काल मामले की सूचना जगन्नाथपुर थाने की पुलिस को दी गई। थोड़ी देर में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका-ए-वारदात से एक खोखा बरामद किया जिसे जब्त कर लिया गया है। एस्बेस्टस को छेद कर निकल गई गोली :
जांच के दौरान पता चला कि फायरिग के दौरान गोली एस्बेस्टस शीट को छेद कर निकल गई। आवाज से लोगों को लगा कि विस्फोट हो गया है। अब तक यह साफ नहीं हो सका है कि फायरिग किसने की। आसपास के लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में असामाजिक तत्व अड्डेबाजी करते हैं। खुलेआम शराब, गांजा और नशीले पदार्थों की बिक्री होती है। अपरिचित चेहरे जगन्नाथपुर मंदिर और मौसी बाड़ी के आसपास देखे जाते रहते हैं। महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। कई बार शिकायत जगन्नाथपुर थाने की गई लेकिन पुलिस लगातार अनदेखी करती रही है।
असामाजिक तत्व के जमावड़े से लोग परेशान
इलाके के लोग असमाजिक तत्व के जमावड़े से काफी आजिज आ चुके हैं। फायरिंग की घटना के बाद एक बार फिर उनके अंदर डर बैठ गया है। उन्हें आशंका है कि कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है।