तीन किलोमीटर तक फैली थी धुएं की गुबार, मची रही अफरातफरी
रांची : गोपाल कांप्लेक्स में फैली आग से कांप्लेक्स के तीन किलोमीटर के दायरे में आग के धुएं की गुबार
रांची : गोपाल कांप्लेक्स में फैली आग से कांप्लेक्स के तीन किलोमीटर के दायरे में आग के धुएं की गुबार फैल गई थी। आग की गुबार फैलने से आसपास के लोग भी परेशान हो गए। सांस लेने में परेशानी हो रही थी। लोग मास्क और नाक पर रूमाल बांधकर चल रहे थे। आसपास के अपार्टमेंटों व फ्लैट में रहने वाले लोग निकल कर इधर-ऊधर चले गए थे। रांची विश्वविद्यालय गेट और बिहार क्लब के पास बैरिकेडिंग कर वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया था। वाहनों को दूसरे रूट से भेजा जा रहा था। लोगों का कहना था कि आग की घटना काफी भयावह है। ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखा।
---
कांप्लेक्स के पीछे का इलाका हो गया था खाली :
गोपाल कांप्लेक्स के पीछे का इलाका पूरी तरह खाली हो गया था। अपार्टमेंट के लोग घरों को छोड़ खुली जगहों पर चले गए थे। लोग सुरक्षित ठिकाना तलाशते दिखे। बुजुर्गो को उनके परिवार के लोग अपनी कार व अन्य माध्यमों से दूसरी जगहों पर ले गए। अगलगी के बाद से देर रात तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल जारी था। बच्चों के अस्पताल में दहशत :
गोपाल कांप्लेक्स के ठीक पीछे एक बच्चों का छोटा अस्पताल है। वहां दर्जन भर बच्चे भर्ती हैं। घटना के बाद बच्चों के परिजनों में दहशत का आलम था। लेकिन बच्चों की हालत के आगे वे वहां से नहीं हट पाने को मजबूर थे। इसके बावजूद कई परिजनों ने बच्चों को वहां से हटाने की तैयारी कर रखी थी।
---
रेस्क्यू टीम नहीं आने दे रही थी लोगों को करीब :
आग से बचाव के दौरान पुलिस की एक रेस्क्यू टीम भी बचाव कार्य के लिए जुटी थी। बाहरी लोगों को करीब आने से रोक रही थी। वहीं आसपास के फंसे लोगों को वहां से बाहर भेजने में मदद कर रही थी। लोगों के बीच दहशत साफ झलक रही थी। दहशत के बीच लोग अपनी जान बचाकर भागते दिखे।
---