रांची के कोकर में देर रात चलती कार में लगी आग, चालक सहित तीन लोग बाल-बाल बचे
Fire Caught in Car Ranchi Samachar Jharkhand News बताया गया कि गाड़ी मालिक अशोक राम खुद गाड़ी चला रहे थे। उन्होंने बताया कि वे टैगोर हिल से स्टेशन जा रहे थे। उनके साथ गिरिडीह के रहनेवाले प्रदीप पासवान और देवघर के रहनेवाले अरुण कुमार यादव थे।
रांची, जासं। रांची के कोकर में एक चलती कार में अचानक आग लग गई। मंगलवार की रात करीब 10 बजे कार रांची के टैगोर हिल से रांची रेलवे स्टेशन जा रही थी। तभी कोकर में यह घटना हुई। गाड़ी में ड्राइवर सहित तीन लोग सवार थे। गाड़ी जब तक धधकती, तब तक तीनों लोग समय रहते कार से बाहर आ गए। गाड़ी मालिक अशोक राम खुद गाड़ी चला रहे थे। जहां कार में आग लगी, वहां पर कुछ गाड़ियां खड़ी थी। लेकिन गनीमत यह रही कि किसी अन्य वाहन में आग नहीं फैला। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। रांची के व्यस्तम इलाके में यह हादसा होने से लोग भयभीत भी दिखे।
उन्होंने बताया कि वे टैगोर हिल से स्टेशन जा रहे थे। उनके साथ गिरिडीह के रहने वाले प्रदीप पासवान और देवघर के रहने वाले अरुण कुमार यादव भी थे। दोनों ट्रेन के टिकट के बारे में पता करने स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के लगभग आधा जल जाने के बाद एक विस्फोट भी हुआ। आग की लपटें बिजली के तार को भी छूने लगीं। सड़क के दोनों ओर आ-जा रहे लोग खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाने लगे। कुछ कार व बाइक चालक आग के डर से वापस लौटने लगे। हालांकि इस हादसे में किसी को कोई क्षति नहीं हुई।
एसी ऑन करते ही निकलने लगा धुआं
गाड़ी मालिक अशोक राम ने बताया कि उनकी इंडिका कार गाड़ी जल गई है। कार में जैसे ही एसी ऑन किया, वैसे ही धुआं निकलने लगा। वे गाड़ी से बाहर निकल कर बोनेट को चेक करने लगे। पता नहीं चल रहा था कि धुआं क्यों निकल रहा है। जब तक कुछ समझ पाते, तब तक गाड़ी में आग लग गई। हालांकि तब तक तीनों लोग गाड़ी से बाहर निकल चुके थे। आसपास के लोगों ने कुछ बाल्टी पानी कार पर फेंका, पर आग बढ़ती गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग वहां जलती कार को देखते रहे। पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। मौके पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची थी।