Makar Sankranti 2020: Feeding India ने मरीजों के बीच बांटे तिलकुट व गर्म कपड़े, सांसद ने बच्चों संग उड़ाई पतंग
Jharkhand. फिडिंग इंडिया संस्था के सदस्यों ने रिम्स के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों को मकर संक्रांति की बधाई दी। मोरहाबादी में सांसद संजय सेठ ने बच्चों संग पतंग उड़ाई।
रांची, जासं। राजधानी रांची के रिम्स में जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रयास से मकर संक्रांति के अवसर पर बुधवार को फिडिंग इंडिया संस्था के सदस्यों ने परिसर में गरीब, असहाय मरीज व उनके परिजनों के बीच गर्म कपड़े, लड्डू, तिलकुट व खिचड़ी बांटे। परिसर में कई लावारिस मरीजों के पास जाकर उन्हें तिलकुट व गर्म कपड़े दिए। फिडिंग इंडिया संस्था के सदस्यों ने रिम्स के विभिन्न वार्डों में जाकर मरीजों को मकर संक्रांति की बधाई दी। संस्था के सदस्यों ने भर्ती मरीजों को भी तिलकुट खिलाए।
जरूरतमंदों को देखकर उन्हें गर्म कपड़े, जैकेट, शॉल, शर्ट-पैंट व साड़ी आदि भी दिए। खाद्य पदार्थ बांटने के बाद फिडिंग इंडिया के सदस्यों ने रिम्स निदेशक डॉ. डीके सिंह से मुलाकात की। रिम्स निदेशक ने सभी के कामों को खूब सराहा। इस दौरान रिम्स जेडीए अध्यक्ष डॉ. अजित, डॉ. रजनी, फिडिंग इंडिया संस्था से भाव्या वर्मा, दीपशिखा, शेखर प्रसाद, दीपांशु, अमन कुमार, अरिशा, पूजा व अन्य उपस्थित रहे।
बच्चों संग सांसद संजय सेठ ने उड़ाई पतंग, दी शुभकामनाएं
मकर संक्रांति के अवसर पर मोरहाबादी में आयोजित नमो पंतग उत्सव में दो हजार से ज्यादा बच्चे-युवा जुटे। एक हजार लोगों के बीच पतंग, धागे व लटाई बांटी गई। मुख्य अतिथि रांची के सांसद संजय सेठ ने 11 बजे नमो पतंग उड़ाकर उत्सव का उद्घाटन किया। बड़े तो बड़े बच्चों की पतंगबाजी भी देखने लायक थी। करीब तीन घंटे तक उत्सव चलता रहा। इस दौरान मैदान हंसी-ठहाकों से गूंजता रहा।
इस मौके पर सांसद संजय सेठ ने मकर संक्रांति व टुसू पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि पतंग उत्सव आज का नहीं है। सैकड़ों साल से यह मनाया जाता रहा है। रांची में पिछले आठ वर्षों से उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हमारी नई पीढ़ी इस संस्कृति को समझे ही नहीं बल्कि इस उत्सव में शामिल होकर आनंद भी उठाए। पतंग उत्सव सर्व धर्म सद्भाव का उत्सव है। जाति-धर्म का कोई भेद नहीं रहता है।