Ranchi Violence: शुक्रवार को रांची में बवाल की आशंका... डीआइजी और एसएसपी ने बनाई रणनीति... तस्वीरों में देखिए पुलिस की तैयारी
Ranchi Violence News पिछले शुक्रवार को रांची में जमकर बवाल हुआ था। जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने हिंसक रूप धारण कर लिया था। पुलिस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई थी। इस बार जुमे पर बवाल की आशंका के मद्देनजर पुलिस अलर्ट है।
रांची, जागरण संवाददाता। Ranchi Communal Ruckus रांची शहर में शुक्रवार को होने वाले जुमे की नमाज को लेकर रांची पुलिस हाई अलर्ट पर है। डीआइजी और एसएसपी ने जवानों को ब्रीफिंग किया। उन्हें बताया कि नमाज के वक्त उन्हें कैसे ड्यूटी करनी है। किसी प्रकार की सूचना मिलने पर सबसे पहले कंट्रोल रुम को सूचना देनी है।
एक जगह भीड़ लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
कहा है कि शुक्रवार को किसी भी जगह लोगों को एक साथ खड़ा नहीं होने देना है। तुरंत भीड़ को हटा देना है। पूरी तरह से चौकस रहना है। गुरुवार को रांची मेन रोड में रैफ जवानों ने फ्लैग मार्च किया। रैफ के जवानों ने लोगों से कहा कि मजमा नहीं लगाना है। कोई भी मजमा लगाते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हर इलाके के थानेदारों को सतर्क रहने का आदेश
सिटी एसपी ने मेन रोड में बैरिकेटिंग करा दिया है। पुलिस का कहना है कि हर इलाके के थानेदार को सर्तक रहने का आदेश दिया गया है। पुलिस ने जुमे की नमाज को लेकर पूरी तैयारी कर ली है। शहर में अलग अलग पोस्ट बनाए गए हैं। वहां पदाधिकारियों को तैनात किया गया है। शहर में पूरी रात जवानों को गश्त करने का आदेश दिया गया है।
रांची मेन रोड में नहीं खुलीं फुटपाथी दुकानें
रांची मेन रोड में फ्लैग मार्च और बैरिकेटिंग की वजह से कई दुकानें गुरुवार को नहीं खुलीं। फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले भी गायब रहे। पुलिस लाइन में हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर रख दिया गया है। जो भी जवान जुमे की नमाज के दौरान ड्यूटी पर रहेगा उसे हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर दिया जाएगा।
इसलिए रांची शहर में तनाव की है स्थिति
मालूम हो कि भाजपा नेत्री नुपुर शर्मा ने पिछले दिनों पैगंबर साहब के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दी थी। इसके बाद देश भर में प्रदर्शन हुआ था। रांची में प्रदर्शन के दौरान भीड़ अचानक हिंसक हो गई थी। जमकर पुलिस पर पथराव हुआ। इस दौरान पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें दो लोगों को गोली लगी और मौत हो गई। वहीं एक पुलिस जवान सहित सात लोग भी घायल हो गए थे। भीड़ ने एक मंदिर पर भी हमला कर दिया था। इसके बाद शहर में तनाव फैल गया था। दुकानें बंद हो गई थीं।