रांची से किसान रेल के परिचालन को मंडल स्तरीय बैठक में मिली सहमति
राउरकेला में दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल और चक्रधरपुर रेल मंडल की बैठक बुधवार को आयोजित की गई।
जागरण संवाददाता, रांची : राउरकेला में दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल और चक्रधरपुर रेल मंडल की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। इसमें दोनों मंडलों के सांसद उपस्थित थे। बैठक में रेलवे के जीएम संजय कुमार महंती सहित रेलवे के सभी उच्च पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद जूएल उरांव ने की।
बैठक में रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि रांची व आसपास के किसान बड़ी मात्रा में सब्जी की खेती करते हैं। उनकी फसल को उचित बाजार उपलब्ध कराने के लिए किसान रेल चलाई जाए। जिससे कि किसान अपनी सब्जियों को देश के दूसरे हिस्सों में भेज सकें। इसपर बैठक में शामिल अधिकारियों ने सहमति दी।
वहीं लुधियाना से धनबाद तक चलने वाली गंगा सतलज एक्सप्रेस का विस्तार कर उसे रांची तक लाने पर चर्चा हुई। ताकि रांची व आसपास के लोग अयोध्या, लुधियाना जैसे दूसरे राज्यों का सफर आसानी से कर सकें। इसपर भी इस बैठक में सहमति प्रदान कर इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त लोहरदगा-टोरी रेल मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस या गरीब रथ एक्सप्रेस को सप्ताह में दो से तीन दिन चलाने पर चर्चा हुई ताकि उस रेल लाइन का उपयोग हो और यात्रियों और रेलवे दोनों को इसका लाभ हो सके। पुंदाग-भागलपुर में अंडरपास निर्माण को लेकर बैठक में चर्चा हुई। रेलवे के अधिकारियों ने यह कहा कि इससे निर्माण से संबंधित प्रस्ताव शीघ्र ही राज्य सरकार को भेजा जाएगा। राज्य सरकार की सहमति मिलने के साथ ही अंडर पास बनने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। वहीं पर्यटन के विकास की ²ष्टि से रांची में भी विस्टाडोम कोच वाली ट्रेनों का संचालन किए जाने की मांग सांसद ने प्रमुखता से उठाई। जिस पर रेलवे के अधिकारियों ने प्राथमिकता के साथ इस पर काम करने का आश्वासन दिया। वही जयनगर एक्सप्रेस का विस्तार राउरकेला तक किए जाने के बाबत सांसद ने स्पष्ट कहा कि किसी भी कीमत पर रांची से इसके सीटों की संख्या कम नहीं होनी चाहिए। इस मुद्दे पर रांची के डीआरएम ने आश्वस्त किया कि किसी भी कीमत पर रांची में ट्रेन में सीटों की संख्या नहीं कराई जाएगी बल्कि बोगियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।