पुलिस मुख्यालय में एडीजी रेजी डुंगडुंग को दी गई विदाई, लड़ेंगे विधानसभा चुनाव Ranchi News
Jharkhand. 1987 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं रेजी डुंगडुंग। एक दिन पूर्व ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले लिया है। विदाई समारोह में डीजीपी के अलावा कई पुलिस अध्ािकारी मौजूद थे।
रांची, राज्य ब्यूरो। पुलिस मुख्यालय में बुधवार को एडीजी रेजी डुंगडुंग (आइपीएस अधिकारी 1987 बैच) को विदाई दी गई। वे वर्तमान में संचार एवं तकनीकी सेवाओं के एडीजी थे। उन्होंने 15 अक्टूबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है। विदाई समारोह में डीजीपी कमल नयन चौबे ने एडीजी रेजी डुंगडुंग के कार्यों की सराहना की। बताया कि विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया।
विदाई समारोह में डीजी होमगार्ड सह अग्निशमन एमवी राव, डीजी मुख्यालय पीआरके नायडू, डीजी जैप सह एसीबी नीरज सिन्हा, एडीजी विशेष शाखा अजय कुमार सिंह, एडीजी रेल प्रशांत सिंह, एडीजी आधुनिकीकरण आरके मल्लिक, एडीजी ऑपरेशन मुरारी लाल मीणा, आइजी रेल सुमन गुप्ता, आइजी मानवाधिकार नवीन कुमार सिंह, आइजी प्रशिक्षण प्रिया दूबे, आइजी प्रोविजन अरुण कुमार सिंह, डीआइजी एसआइबी साकेत कुमार सिंह, डीआइजी विशेष शाखा अखिलेश झा, डीआइजी रांची अमोल वी. होमकर, डीआइजी बजट मदन मोहन लाल, डीआइजी कोल्हान कुलदीप द्विवेदी, डीआइजी कार्मिक संगीता कुमारी, डीआइजी वायरलेस चंद्रशेखर प्रसाद आदि मौजूद थे।
यहां दे चुके हैं सेवा
अविभाजित बिहार में वे एएसपी पटना, एएसपी धनबाद, एसपी जमशेदपुर, एसपी सहरसा, कमांडेंट बीएमपी-4, एसपी साहिबगंज, कमांडेंट बीएमपी-3, एसपी रेल धनबाद, कमांडेंट बीएमपी-6, एसपी धनबाद, एसपी नालंदा रहे। राज्य विभाजन के बाद वे झारखंड कैडर में आ गए। इसके बाद उन्होंने एसपी गुमला, एसपी कोडरमा, कमांडेंट जैप वन, डीआइजी जैप, आइजी जैप, आइजी रांची, एडीजी विशेष शाखा, एडीजी सीआइडी, एडीजी जैप, एडीजी संचार एवं तकनीकी सेवाएं के पद पर अपनी सेवा दी।
लड़ेंगे चुनाव, आज देंगे जानकारी
सेवानिवृत्ति के बाद रेजी डुंगडुंग ने बताया कि गुरुवार को वे प्रेस क्लब सभागार में बताएंगे कि उनकी आगे की रणनीति क्या है। उन्होंने तय कर लिया है कि वे सिमडेगा से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन, किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे, इस संबंध में वे गुरुवार को मीडिया के सामने खुलासा करेंगे।