शादीशुदा युवक ने बंगाल की नर्स का किया शारीरिक शोषण, 8 लाख भी ठगे
Jharkhand Crime. आरोपित ने एक अन्य युवती को भी अपने प्रेम जाल में फंसाया था। थाने में पत्नी और अन्य दो युवतियां शिकायत लेकर पहुंची।
रांची, जासं। रांची के सदर थाने में यौन शोषण के आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस हैरत में पड़ गई। जब यौन शोषण का आरोप लगाने वाली नर्स के अलावा दो अन्य युवती भी अलग-अलग समय थाने पहुंची। थाना पहुंचने वाली अन्य युवतियों में से एक पत्नी थी। जबकि दूसरी खुद को मंगेतर बता रही थी। गिरफ्तार आरोपित कोकर हैदर अली रोड निवासी दीपांकर मेहता है। गुरुवार को पुलिस ने रांची में उसे जेल भेज दिया।
दीपांकर मेहता के खिलाफ पश्चिम बंगाल के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने रांची के सदर थाने में केस दर्ज कराया। उसने दीपांकर पर यौन शोषण के अलावा आठ लाख रुपये ठगी का भी आरोप लगाया है। पीडि़त नर्स के अनुसार करीब एक साल पहले आरोपित दीपांकर ने खुद का नाम अजीत बता दोस्ती की थी। दोस्ती के बाद खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताया। दोस्ती के बाद नजदीकियां बढ़ी, फिर शादी का झांसा दिया। झांसा का देकर उससे मिलने पश्चिम बंगाल गया। रांची के कोकर इलाके के एक होटल में बुलाकर यौन शोषण भी किया।
घूमने के लिए गैंगटॉक ले गया था पीडि़ता को
आरोपित पीडि़ता को घुमाने के लिए गंगटोक भी ले गया। इस बीच जरूरत बता आठ लाख रुपये की ठगी भी कर ली। रांची बुलाकर एक मंदिर में शादी भी रचाई। इसके बाद से वह बातचीत करना कम कर दिया। धीरे-धीरे नर्स को पता चला कि अजीत का नाम विजय है। जबकि यह नाम भी फर्जी था। बाद में पता चला कि वह शादी-शुदा है। इसके बाद रांची सदर थाना पहुंची और एफआइआर दर्ज कराई।
क्रिश्चियन बन एक को दिया था शादी का प्रस्ताव
पुलिस के अनुसार आरोपित की मंगेतर भी परिजनों के साथ सदर थाना पहुंची थी। वह क्रिश्चियन समाज से थी। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपित दीपांकर ने मोजेश बनकर उसे शादी का प्रस्ताव दिया था। घरवालों ने शादी के लिए हामी भर दी थी। हालांकि पीडि़ता ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। आरोपित पहले से शादीशुदा है। चुटिया में युवक का ससुराल है। एक साल पहले उसकी शादी हुई थी।