Move to Jagran APP

पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद बोले- महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पा रही केंद्र सरकार; BJP सौंप दे कांग्रेस को सत्ता

केंद्र सरकार महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। भाजपा अगर सरकार नहीं चला सकती तो वह कांग्रेस को शासन सौंप दे। उक्त बातें कांग्रेस के वरीय नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान कही।

By Vikram GiriEdited By: Published: Sat, 17 Jul 2021 03:03 PM (IST)Updated: Sun, 18 Jul 2021 09:46 AM (IST)
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद बोले- महंगाई पर अंकुश नहीं लगा पा रही केंद्र सरकार; BJP सौंप दे कांग्रेस को सत्ता
चुनावों में लगातार पिछड़ रही कांग्रेस का अरमान, भाजपा सौंप दे कांग्रेस को सत्ता। जागरण

रांची, राज्य ब्यूरो। चुनावी राजनीति में लगातार पिछड़ रही कांग्रेस का दावा है कि भाजपा को सरकार चलाना नहीं आता। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने यहां पार्टी कार्यालय में कहा कि कांग्रेस को भाजपा सत्ता सौंप दे। उनका दावा था कि महंगाई पर अंकुश लगाने में भाजपा सरकार विफल है और मुद्रास्फीति बढना इसका प्रमाण है। हालांकि पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम पर राज्य सरकार द्वारा वैट नहीं कम करने संबंधी सवाल पर वे अटक गए। उन्होंने सरकार चलाने के लिए आवश्यक खर्च की दुहाई दी। सलमान खुर्शीद ने दावा किया किया कि केंद्र सरकार असहाय है।

loksabha election banner

हर चीज के लिए ये नेहरू और कांग्रेस को ही दोषी ठहराते हैं। अगर सारा दोष हमारा ही है तो हमें सरकार हैंडओवर कर दें। सरकार बिल्कुल फेल हो जाए तो पद से मुक्त कर लेना चाहिए। हम सरकार चलाकर दिखाएंगे। यह पूछे जाने पर कि कांग्रेस लगातार चुनावों में विफल साबित हो रही है तो क्या वे चाहते हैं कि बगैर चुनाव जीते सत्ता मिल जाएगी, खुर्शीद ने कहा कि जब चुनाव आएगा तब देखा जाएगा। फिलहाल सरकार जनता पर दया करे। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत पर कांग्रेस की तरफ से केंद्र सरकार पर निशाना साध रहे सलमान खुर्शीद से जब यह पूछा गया कि झारखंड में राज्य सरकार वैट की दर कम कर लोगों को राहत दे सकती है तो वे सरकार के खर्च के बारे में बताने लगे। दिल्ली से आए कांग्रेस नेता प्रणव झा ने यह सलाह दे डाली कि ऐसे सवाल पूछने वाले सत्ता पक्ष के समक्ष प्रश्न उठाएं।

यूपी में तालमेल पर बोले, सिर्फ कांग्रेस से ही अपेक्षा क्यों

सलमान खुर्शीद ने उत्तर प्रदेश चुनाव में भाजपा विरोधी दलों के बीच तालमेल नहीं होने पर बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि जो दावा करते हैं कि वे बीजेपी का सामना करते हैं, उन्हें पहल करना चाहिए। उत्तर प्रदेश में गठबंधन नहीं हुआ है। कांग्रेस ज्यादा सीटों पर नहीं है। जो 300 सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं, वे पहल करें। कांग्रेस अपने बलबूते पर उत्तर प्रदेश में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। सवाल उछाला कि सिर्फ कांग्रेस से ही पहल की अपेक्षा क्यों की जाती है। हम हाथ बढ़ाने को तैयार हैं। वहां व्यवस्था को बदलना है।

झारखंड में कांग्रेस विधायक ही सत्ता से असंतुष्ट, खुर्शीद बताएं कब सौंप रहे हैं सत्ता

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद पर तंज कसा है। दीपक प्रकाश ने कहा कि सलमान खुर्शीद को किसी भी तरह का बयान देने से पूर्व आईने में खुद का चेहरा देख लेना चाहिए। झारखंड में कांग्रेसी विधायक ही काम नहीं होने का आरोप लगाते आ रहे हैं। कांग्रेस प्रभारी पर पैसा लेने का आरोप लगता रहा है। कांग्रेस झामुमो की सरकार अब तक के सबसे विफल सरकारों की सूची में ऊपर है। युवा से लेकर किसान तक सब मोर्चे पर राज्य सरकार विफल साबित हुई है। नैतिकता के हिसाब से सलमान खुर्शीद को यह बताना चाहिए कि वे झारखंड में सत्ता का हस्तांतरण कब कर रहे हैं।

कांग्रेस सत्ता से दूरी पचा नहीं पा रही है, इसलिए उनके नेता उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं। यूपीए सरकार के तमाम घोटालों का जिक्र करते हुए प्रकाश ने कहा कि क्या कांग्रेस को घोटाले के लिए सत्ता सौंप दिया जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए, विकास कार्यों पर कुठाराघात के लिए सत्ता चाहती है जिसे देश की जनता समझ चुकी है। प्रकाश ने कहा कि जनता ने कांग्रेस की नीति से ऊबकर भाजपा को देश संभालने का मौका दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और सुशासन के कार्यों के साथ आत्मनिर्भरता की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.