पूर्व मंत्री ददई दुबे के पुत्र कांग्रेसी नेता अजय दुबे का निधन, कांग्रेसियों में शोक की लहर Palamu News
कांग्रेसी नेता अजय दुबे ने 2014 में कांग्रेस के टिकट पर पलामू जिला के विश्रामपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।
पलामू, जेएनएन। झारखंड के पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के पुत्र कांग्रेसी नेता अजय कुमार दुबे का निधन हो गया है। बताया गया कि हर्ट अटैक के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनकी देखरेख कर रहे डॉक्टर विजय मिश्रा और डॉ अनुपम कुमार ने सोमवार दोपहर 1:23 बजे उनके अंतिम सांसें लेने की जानकारी दी है। उन्होंने 2014 में कांग्रेस के टिकट पर पलामू जिला के विश्रामपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। वे इस चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे। अजय दुबे के निधन से कांग्रेसियों में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।
अजय दुबे के निधन पर शोक संदेशों का तांता
वरीय कांग्रेस नेता चंद्रशेखर दुबे के पुत्र और विश्रामपुर से दो बार चुनाव लड़ चुके कांग्रेस नेता अजय दूबे के आकस्मिक निधन पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने अजय दुबे ने निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि इस घटना से पार्टी को गहरा आघात लगा है और इस कमी की पूर्ति कभी नहीं की जा सकती है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना ईश्वर से की है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अजय दुबे 2014 में विश्रामपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार थे। उनके आकस्मिक निधन से पूरा कांग्रेस परिवार मर्माहत है। कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव, आलोक कुमार दूबे आदि चंद्रशेखर दुबे के आवास पर पहुंचे एवं अजय दुबे को श्रद्धांजलि अर्पित कर अपनी संवेदना प्रकट की।