Move to Jagran APP

Coronavirus Lockdown: केरल से झारखंड लौटे 1598 प्रवासी मजदूर, हटिया स्टेशन पर फूल देकर किया गया स्वागत

Coronavirus Update News. रांची से इन लोगों को बसों से विभिन्‍न जिलों में भेज दिया गया। इससे पहले पंजाब से 1188 मजदूरों को लेकर श्रमिक स्‍पेशल ट्रेन डालटनगंज पहुंची।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Wed, 06 May 2020 12:48 PM (IST)Updated: Wed, 06 May 2020 04:31 PM (IST)
Coronavirus Lockdown: केरल से झारखंड लौटे 1598 प्रवासी मजदूर, हटिया स्टेशन पर फूल देकर किया गया स्वागत
Coronavirus Lockdown: केरल से झारखंड लौटे 1598 प्रवासी मजदूर, हटिया स्टेशन पर फूल देकर किया गया स्वागत

रांची, जेएनएन। बुधवार को झारखंड में तीन और श्रमिक स्पेशल ट्रेनें आ रही हैं। इसमें से एक ट्रेन एर्नाकुलम एक्‍सप्रेस केरल से हटिया पहुंची। इस ट्रेन से सैकड़ों लोग रांची पहुंचे। रांची से इन लोगों को बसों से विभिन्‍न जिलों में भेज दिया गया। इस दौरान सभी यात्रियों के स्‍वास्‍थ्‍य की जांच की गई। ट्रेन तीन घंटे विलंब से पहुंची है। आज भी यात्रियों से पैसा लिया गया है। हटिया पहुंचे मजदूरों ने इस बाबत अपना टिकट भी दिखाया। इससे पहले पंजाब से 1188 मजदूरों को लेकर श्रमिक स्‍पेशल ट्रेन डालटनगंज पहुंची। इसके अलावा एक और ट्रेन बेंगलुरु से आने वाली है। वह बरकाकाना स्‍टेशन तक आएगी। एर्नाकुलम एक्‍सप्रेस और बेंगलुरु से आने वाली ट्रेन से करीब 2400 लोग झारखंड आएंगे।

loksabha election banner

बसों से गृह जिला भेजे गए

केरल के एर्नाकुलम से 1598 प्रवासी मजदूर बुधवार को झारखंड लौटे। श्रमिक स्पेशल ट्रेन से इन सभी मजदूरों की केरल से वापसी हुई है। हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर इन मजदूरों का फूल देकर स्वागत किया गया, साथ ही खाने का पैकेट भी दिया गया। शारीरिक दूरी के अनुपालन के साथ-साथ सभी मजदूरों की स्क्रीनिंग भी की गई। इस दौरान करीब 40 प्रवासी मजदूर ऐसे थे, जिनका नॉर्मल बॉडी टेंपरेचर अधिक था, जिन्हें आधे घंटे तक हटिया स्टेशन पर बैठा कर रखा गया। इसके बाद पुनः बॉडी टेंपरेचर की जांच होती है। इस बार सभी का बॉडी टेंपरेचर सामान्य पाया गया। इसके बाद उन्हें उनके गृह जिले के लिए बसों से रवाना कर दिया गया।

मजदूरों से लिया गया ट्रेन का भाड़ा

एक बार फिर प्रवासी मजदूरों को अपने घर पहुंचने के लिए पैसा देना पड़ा। इसके लिए उन्हें 830 रुपए देने पड़े। मजदूरों का कहना था कि डेढ़ महीने से उनके पास कोई काम नहीं था और ऐसे में भाड़ा देखकर उन्हें झारखंड आना पड़ा जैसे तैसे पैसे का इंतजाम कर ट्रेन से झारखंड पहुंचे। जबकि सरकार का दावा था की प्रवासी मजदूरों से कोई पैसे नहीं लिए जाएंगे इसके बावजूद में ट्रेन में सफर करने के लिए पैसा देना पड़ा।

इन जिलों के थे प्रवासी मजदूर

पलामू 734 गढ़वा 134 गुमला 18 खूंटी 3 सिमडेगा 19 सरायकेला 1 लातेहार 35 धनबाद 10 रामगढ़ 6, हजारीबाग 33, देवघर 106 गिरिडीह 44 चतरा 42 दुमका 58 पाकुड़ 3 कोडरमा 21 चाईबासा 41 साहिबगंज 86 जामताड़ा 62 बोकारो बी कुंडा क्षेत्र जमशेदपुर और रांची में 44 यात्री केरल से रांची पहुंचे।

मजदूरों ने दिया धन्यवाद

लॉकडाउन में केरल में फंसे प्रवासी मजदूर झारखंड लौटने के बाद काफी खुश दिखाई दिए। अपने राज्य लौटने पर उन्होंने राज्य सरकार को धन्यवाद दिया। साथ ही स्टेशन पर रांची जिला प्रशासन की ओर से किए गए व्यवस्था को लेकर भी खुशी जाहिर की।

मजदूरों ने झारखंड की धरती को किया प्रणाम

स्पेशल ट्रेन से हटिया स्टेशन पर उतरते ही कुछ मजदूरों ने राज्य वापस लौटने पर झारखंड की धरती को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन्हें लाने की व्यवस्था की उसके लिए उनका धन्यवाद हम वापस लौट कर काफी खुश है।

क्या कहते हैं मजदूर

सिमडेगा निवासी छोटू गोप ने बताया कि वह केरल में रबड़ के फैक्ट्री में काम करता है। लॉकडाउन बढ़ने से खाने पीने में बहुत परेशानी होने लगी थी, जो पैसा कमाया था, वह खाना में खर्च हो गया। काम नहीं मिलने स्थिति खराब हो रही थी।सरकार में मजदूरों को लाने की जो पहल की है। वह बहुत अच्छी है। उनसे किराया के मद में 830 रुपया लिया गया जो उन्होंने खाने के लिए रखा था।

बोकारो निवासी सलीम राजा ने बताया कि बैग बनाने की फैक्ट्री में काम करते थे। लॉकडाउन के बाद फैक्ट्री बंद हो गया। इसके बाद भोजन नहीं मिल रहा था ट्रेन का किराया भी एक परिचित से लेकर आए हैं।

हजारीबाग निवासी  चंदू मरांडी ने कहा कि वह केरल में मज़दूर का काम करते थे। लॉकडाउन के बाद काम बंद हो गया। भुखमरी की स्थिति आ गई थी। अगर सरकार स्पेशल ट्रेन नहीं चलाती तो बहुत परेशानी होती।

अपने चार सदस्य परिवार के साथ केरल से खटिया पहुंची विनीता ने कहा कि झारखंड आकर बहुत अच्छा लग रहा है लेकिन उनसे किराया के मद में 2490 रुपया लिया गया, जो उन्होंने कुछ पैसे बचा कर रखा था। पति के पास आने का भी पैसा नहीं था। यही नहीं बच्चे के दूध के लिए भी परेशानी हो रही थी।

लॉकडाउन में विभिन्न प्रदेशों में फंसे झारखंड के श्रमिकों को लेकर ट्रेनें लगातार पहुंच रही हैं। डालटनगंज में श्रमिक सुपर फास्ट स्पेशल ट्रेन बुधवार की सुबह 9.30 बजे डालटनगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। पलामू में दूसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन का आगमन गुरुवार को होगा। पंजाब के लुधियाना से पलामू जिले के प्रवासी मजदूरों को लेकर दूसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन गुरुवार को डालटनगंज पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन बुधवार को अपराहन 12 बजे लुधियाना से खुल कर गुरुवार को पूर्वाहन 10.30 बजे यहां पहुंचेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.