जंगली हाथियों ने ले ली डॉक्टर की जान, पिलीद जंगल में पटक-पटककर मार डाला
सोनाहातू थाना क्षेत्र व सरायकेला जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती पिलीद जंगल में जामडीह गांव के गिरिधारी महतो को हाथियों ने मार डाला।
रांची, जेएनएन। रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र व सरायकेला जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सीमावर्ती पिलीद जंगल में जामडीह गांव के गिरिधारी महतो (50) को हाथियों ने मार डाला। घटना बुधवार की शाम लगभग को 6.30 बजे की है।
बताया जाता है कि बुधवार को ईचागढ़ क्षेत्र में पडऩे वाले मिलन चौक के समीप साप्ताहिक बाजार सितू गिरिधारी महतो सब्जी खरीदने गए थे। वहां से घर लौटने के क्रम में बीच जंगल में जंगली हाथी रास्ते में मिल गए और गिरिधारी को पटक-पटककर मार डाला।
बताया जाता है कि मृतक गिरिधारी महतो ग्रामीण पशु चिकित्सक भी थे। घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ रेंजर अशोक कुमार, बीडीओ सत्येंद्र महतो गुरुवार को सुबह करीब 9 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा। मृतक की पत्नी रंगो देवी को वन विभाग की ओर से 50 हजार रुपये नगद दिए गए। शेष राशि औपचारिकता पूरी होने के बाद मिलेगी।
सात वर्षों में पिलिद जंगल में हाथियों ने ली है 12 की जान : विगत छह-सात वर्षों के दौरान पिलीद जंगल में जंगली हाथियों ने 12 लोगों की जान ले ली है। सभी सितू पंचायत के ही रहनेवाले थे। हाथियों ने जंगल में ही पांच-सात लोगों को मार डाला। वहीं, अन्य की जान अगल-बगल के गांवों में जाकर ली।