जंगली हाथियों ने मचाया उत्पात, बेड़ो में दो घरों को किया ध्वस्त
Elephants in Bedo. हाथियों के उत्पात के कारण जिल दो परिवारों का घर टूट गया है, उनलोगों ने दूसरों के घरों में शरण ले रखी है।
रांची, जेएनएन। रांची के बेड़ो व इटकी प्रखंड में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथी कभी बेड़ो तो कभी इटकी प्रखंड में फसलों व घरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बुधवार की रात भी हाथियों ने बेड़ो प्रखंड की ईंटा पंचायत के दो गांवों में उत्पात मचाया। इस दौरान दो घरों को ध्वस्त कर दिया। इससे ठंड में ये लोग बेघर हो गए और दूसरों के घरों में शरण लेने को विवश हैं। भुक्तभोगी परिवारों ने प्रशासन से मुआवजा की गुहार लगाई है।
हाथियों ने सबसे पहले पंचायत की नगड़ी टोली गांव में बुधवार की रात लगभग दो बजे चेने उरांव के घर को ध्वस्त कर दिया। बाद में ग्रामीणों ने किसी प्रकार मशाल जलाकर हाथियों को भगाया। यहां से भागने के बाद हाथी लगभग तीन बजे ईंटा गांव पहुंचे। यहां सीमा टोप्पो के कच्चे मकान के एक हिस्से को ध्वस्त कर दिया। घर की दीवार टूटने से घरलू सामन बर्बाद हो गया। परिजन ने घर से भागकर किसी प्रकार अपनी जान बचाई।
सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया बुधराम बड़ा ने अंचलाधिकारी से मिलकर आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलवाने का आश्वासन भुक्तभोगी परिवारों को दिया है। गौरतलब हो कि अभी कुछ दिन पूर्व हाथियों ने प्रखंड की जामटोली में भी तीन घरों को ध्वस्त कर दिया था। इसके अलावा इटकी प्रखंड के गांवों में भी उत्पात मचाया। घरों को ध्वस्त कर किसानों की फसलों को बर्बाद किया। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग उनकी समस्याओं के प्रति आंख मूंदे हुए है। जानकारी देने के बावजूद विभाग की ओर से हाथियों को भागने के लिए कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।