कोलेबिरा उपचुनाव की तैयारियां तेज, भेजी जा रहीं ईवीएम, छठ तक हो सकती है घोषणा
माना जा रहा है कि भारत निर्वाचन आयोग एक हफ्ते में कोलेबिरा उपचुनाव की घोषणा कर सकता है। ईवीएम वहां भेजी जा रही हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। भारत निर्वाचन आयोग ने भले ही कोलेबिरा उपचुनाव की घोषणा नहीं की है, लेकिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने रांची तथा बोकारो से ईवीएम मशीनें वहां भेजने का आदेश दिया है। ये ईवीएम मशीनें सिल्ली तथा गोमिया उपचुनाव में इस्तेमाल में लाई गई थीं।
ये ईवीएम मशीनें शनिवार को रांची से सिमडेगा भेजी जाएंगी। 6 नवंबर को ईवीएम मशीनों की जांच होगी। इधर, रांची उपायुक्त की उपस्थिति में शुक्रवार को मोरहाबादी मैदान स्थित वेयर हाउस से विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष ईवीएम निकाले गए।
इसमें भाजपा की ओर से प्रदेश सह संयोजक सुधीर श्रीवास्तव शामिल हुए। कोलेबिरा में कुल 663 बैलेट यूनिट, 475 कंट्रोल यूनिट तथा 475 वीवीपैट मशीनें भेजी गई हैं। सारी ईवीएम एम-2 है तथा 2006 के बाद बनी हैं। बता दें कि 3 जनवरी से पहले यहां उपचुनाव होना जरूरी है। ऐसे में छठ पूजा तक उपचुनाव की घोषणा होने की उम्मीद है।