जेपी नड्डा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर ताजपोशी का झारखंड भाजपा पर पड़ेगा प्रभाव
Jharkhand BJP. झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष समेत नई कार्यकारिणी का गठन होगा। यह प्रक्रिया निचले स्तर पर भी जाएगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष ताजपोशी की तैयारी शुरू हो गई है। नड्डा के भाजपा के कमान संभालते ही भाजपा के प्रदेश संगठन में भी बड़ा फेरबदल होगा। नए प्रदेश अध्यक्ष के मनोनयन की प्रक्रिया के साथ ही पूरी कार्यसमिति में फेरबदल होगा। यह प्रक्रिया निचले स्तर पर भी जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने विधानसभा चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया था लेकिन फौरी तौर पर उन्हें पद पर बनाए रखा गया है।
इसका मुख्य कारण राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को ही बताया जा रहा था। झारखंड प्रदेश कार्यसमिति का कार्यकाल अगस्त में ही समाप्त हो गया था लेकिन विधानसभा चुनाव के कारण इसे विस्तार दिया गया था। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया में झारखंड इकाई की भूमिका नहीं होगी। क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा इस्तीफा दे चुके हैं उन्हें अगली व्यवस्था कायम होने तक ही प्रभार पर रखा गया है।