Coal Scam Jharkhand: जब्त 1.02 करोड़ नकद और 160 करोड़ के म्युचुअल फंड पर कोयला कारोबारियों से पूछताछ करेगी ED
ईडी अगले हफ्ते धनबाद के कोयला कारोबारियों से अवैध खनन, परिवहन व भंडारण मामले में पूछताछ करेगी। छापेमारी में जब्त ...और पढ़ें

कोयला घोटाला मामले में अगले हफ्ते एक-एक आरोपितों से हर दिन बयान लेगी ईडी, किया समन।
HighLights
ईडी अगले हफ्ते कोयला कारोबारियों से अवैध खनन पर पूछताछ करेगी।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में धनबाद के कारोबारियों को समन जारी।
जब्त 1.02 करोड़ नकद, 160 करोड़ म्युचुअल फंड पर जानकारी मांगेगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। अवैध कोयला खनन, परिवहन व भंडारण मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने धनबाद के उन सभी कोयला कारोबारियों को समन किया है, जिनके ठिकानों पर पिछले दिनों ईडी ने छापेमारी की थी।
अब अगले हफ्ते प्रत्येक दिन ईडी एक-एक कर सबसे पूछताछ करेगी। ईडी ने पिछले महीने धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी व बीसीसीएल के ठेकेदार एलबी सिंह व उनके सहयोगियों से जुड़े 25 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी।
इस छापेमारी में एलबी सिंह के ठिकाने से 1.02 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी व 160 करोड़ रुपये के म्युचुअल फंड की बरामदगी हुई थी, जिसे ईडी ने फ्रीज करवा दिया था।
ईडी को छापेमारी में 100 से अधिक अचल संपत्ति के सेल डीड व बेनामी संपत्ति के कागजात मिले थे। अब ईडी आरोपितों से जब्त नकदी व 160 करोड़ रुपये के म्युचुअल फंड की जानकारी जुटाएगी।
धनबाद में एक साथ हुई थी ईडी की बड़ी छापामारी
प्रवर्तन निदेशालय रांची की टीम ने बीते 28 जुलाई को धनबाद में एक साथ 31 जगहों पर छापामारी की थी। जिसमें एलबी सिंह और अनिल गोयल से जुड़े कोयला कारोबारियों के यहां छापामारी हुई थी। इस दौरान ईडी ने 1.02 करोड़ रुपये नगद जब्त करते हुए 160 करोड़ रुपये का म्यूचुअल फंड को फ्रीज कर दिया था।
इसके अलावा बड़ी संख्या में चल-अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए थे। इसके अलावा करीब 500 करोड़ की चल अचल संपत्ति संबंधी दस्तावेजों का भी पता चला था। यह जांच अवैध कोयला उत्खनन, तस्करी, रंगदारी, लेवी वसूलने से जुड़ा हुआ था।
