रांची जमीन घोटाला: ईडी ने जब्त की जमीन माफिया कमलेश की 85 करोड़ कीमत की 66 एकड़ जमीन
ईडी ने जमीन घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत जमीन माफिया कमलेश कुमार सिंह की 66 एकड़ जमीन को अस्थायी रूप से जब्त किया है।
-1783622856746_m.webp)
ईडी ने की कार्रवाई। (फाइल फोटो)
HighLights
ईडी ने जमीन माफिया कमलेश की 66 एकड़ जमीन जब्त की।
जब्त जमीन का बाजार मूल्य करीब 85 करोड़ रुपये है।
कमलेश पर फर्जी दस्तावेजों से जमीन हड़पने का आरोप है।
राज्य ब्यूरो, रांची। जमीन घोटाला मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने जमीन माफिया कमलेश कुमार उर्फ कमलेश कुमार सिंह की 66 एकड़ जमीन को अस्थाई रूप से जब्त किया है।
उक्त जमीन का बाजार मूल्य करीब 85 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। कमलेश कुमार सिंह को ईडी ने 26 जुलाई 2024 को गिरफ्तार किया था।
उसपर कांके अंचल क्षेत्र में आदिवासी, भुइहरी व सरकारी प्रकृति की जमीन को फर्जी दस्तावेज पर जेनरल बनाकर कब्जा करने, उसकी खरीद-बिक्री करने का आरोप है।
इसमें उसे कांके अंचल के तत्कालीन पदाधिकारियों ने भी सहयोग किया था। ईडी ने अपनी जांच में उन सभी पदाधिकारियों-कर्मियों को भी आरोपित बनाया था और उनके विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की थी।
ईडी ने अपनी चार्जशीट में जानकारी दी थी कि जमीन माफिया कमलेश ने कांके अंचल के तत्कालीन अंचलाधिकारी जयकुमार राम के साथ मिलकर जमीन के दस्तावेज में हेराफेरी की।
फर्जी कागजात तैयार किया, जमीन की प्रकृति बदल दी। ईडी ने छानबीन के क्रम में पूर्व अंचलाधिकारी दिवाकर द्विवेदी की भूमिका की भी जांच की थी, जिसमें वे भी फर्जीवाड़ा के दोषी मिले थे।
पूर्व में भी ईडी को उसके ठिकाने से मिले थे एक करोड़ रुपये नकदी
जमीन घोटाला मामले में जांच के क्रम में ईडी ने जून 2024 में कमलेश के ठिकानों पर छापेमारी की थी। ईडी ने उसके कांके रोड में चांदनी चौक स्थित एस्टर ग्रीन अपार्टमेंट के फ्लैट से छापेमारी की थी।
यहां से ईडी को एक करोड़ रुपये नकदी के अलावा 100 कारतूस मिले हैं, जिसे ईडी ने जब्त किया गया है। कांके रोड के एस्टर ग्रीन अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 603 सी है, जहां से यह बरामदगी हुई थी।
छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जमीन के दस्तावेज व डीड मिले थे। ईडी ने सभी दस्तावेज की जांच के दौरान उक्त 66 एकड़ भूखंड की जानकारी जुटाई और उसे अस्थाई रूप से जब्त की।
यह भी पढ़ें- झारखंड में डेविल्स ग्रुप के अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, चार जिलों के DSP की विशेष टीम गठित
