Good News: डीवीसी घरेलू उपभोक्ताओं को भी देगा बिजली... धनबाद, हजारीबाग व गिरिडीह के लिए खुशखबरी
Damodar Valley Corporation धनबाद हजारीबाग और गिरिडीह एरिया बोर्ड के सर्वे के लिए कमेटी गठित। वितरण नेटवर्क कुल संपत्ति का आकलन होगा। डीवीसी ने तय किया है कि अब वह घरेलू उपभोक्ताओं को भी बिजली उपलब्ध कराएगा। इसकी कवायद शुरू कर दी गई है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के कमांड एरिया के तहत आने वाले धनबाद, हजारीबाग, गिरिडीह एरिया बोर्ड में घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली वितरण से लेकर बिल वसूली तक के जिम्मे से झारखंड बिजली वितरण निगम मुक्त होने की तैयारी में है। इन तीन एरिया बोर्ड में कुल सात जिले आते हैं, जिसमें घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली देने से लेकर बिल तक की व्यवस्था डीवीसी को सौंपा जाएगा। फिलहाल डीवीसी इन जिलों में घरेलू उपभोक्ताओं को आपूर्ति नहीं करता है।
सीएम के साथ बैठक बनी थी सहमति
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और डीवीसी के चेयरमैन रामनरेश सिंह के बीच पिछले दिनों हुई बैठक में इसपर सहमति बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने डीवीसी को वितरण व्यवस्था संभालने का निर्देश दिया था। इसके बाद सर्वे के लिए कमेटी बनाने पर सहमति बनी थी। झारखंड बिजली वितरण निगम ने कमेटी गठित कर दी है। कमेटी डीवीसी के अधिकारियों के साथ पूरे वितरण नेटवर्क, संपत्ति और देनदारी का सर्वे करेगी। इसके बाद पूरी संपत्ति का आकलन होगा और डीवीसी को वितरण व्यवस्था सौंपा जाएगा।
प्रधान नोडल अफसर बनाए गए ऋषि नंदन
मुख्यालय स्तर पर जीएम (कामर्शियल) ऋषि नंदन को प्रधान नोडल अफसर बनाया गया है। वे समन्वय स्थापित करेंगे। डीवीसी भी जल्द कमेटी गठित करेगा। बिजली वितरण निगम द्वारा गठित कमेटी मेंधनबाद एरिया बोर्ड के लिए जीएम अजीत कुमार व इएसइ चास मुकुल गरवारे, हजारीबाग एरिया बोर्ड के लिए जीएम राकेश कुमार, इएसइ रामगढ़ अनिल कुमार, इएसइ हजारीबाग संजय कुमार, इएसइ कोडरमा दिनेश कुमार और गिरिडीह एरिया बोर्ड के लिए जीएम अरविंद कुमार व इएसइ गिरिडीह धनंजय कुमार की कमेटी गठित की गई है।