विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में दुर्गापूजा पर नहीं लगेगा जाम, शहर के प्रमुख मार्गों से हटेंगे अनावश्यक कट्स; पुलिस रहेगी अलर्ट

Published: Sun, 20 Sep 2026 07:00 AM (IST)

रांची प्रशासन ने दुर्गापूजा के लिए सुगम यातायात व्यवस्था की तैयारी शुरू कर दी है। अनावश्यक कट्स हटाने, अतिक्रमण रोकने ...और पढ़ें

रांची में दुर्गापूजा पर नहीं लगेगा जाम(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

रांची में दुर्गापूजा पर नहीं लगेगा जाम(एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. अनावश्यक सड़क कट्स हटाने और अतिक्रमण रोकने के निर्देश।

  2. भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान।

  3. अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और सड़क गड्ढे भरने के आदेश।

जागरण संवाददाता, रांची। दुर्गापूजा के दौरान शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। मुख्य एवं व्यस्त मार्गों से अनावश्यक कट्स हटाने, अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा रोकने, पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया है। 

प्रमुख पूजा पंडालों और जाम वाले क्षेत्रों को पहले से चिन्हित कर विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को कहा गया है। इन मामलों को लेकर निर्देश जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। 

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण, पार्किंग, विधि-व्यवस्था और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने को कहा।

अनधिकृत कट्स की सूची तैयार करने का निर्देश दिया

उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र के प्रमुख और व्यस्त मार्गों को चिन्हित कर वहां बने अनधिकृत कट्स की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। यातायात के सुचारू संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाले अनावश्यक कट्स को प्राथमिकता के आधार पर हटाने को कहा गया। 

उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शहर में वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पहले से जाम वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर आवश्यक ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा रोकने पर जोर

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए। इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। ऐसे स्थानों पर माइकिंग के माध्यम से लोगों को अतिक्रमण नहीं करने की जानकारी देने का भी निर्देश दिया गया।

सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए जगह होगी चिन्हित

शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम को संबंधित अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि फुटपाथ और सड़क किनारे अनियमित तरीके से दुकान लगाने की समस्या को नियंत्रित किया जा सके।

अवैध पार्किंग पर कार्रवाई

प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त मार्गों और जाम वाले क्षेत्रों में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अनधिकृत कब्जे और यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आटोमैटिक चालान की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

बेतरतीब केबल और सड़क के गड्ढों पर सख्ती

बिजली के खंभों पर बेतरतीब तरीके से लगे केबल को हटाने के लिए कार्यपालक विद्युत अभियंता को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। वहीं, गेल के अधिकारियों को सड़क पर कार्य पूरा होने के बाद गड्ढों को भरकर सड़क को पूर्व स्थिति में लाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर कार्य के बाद किसी भी प्रकार की अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी।

खाली सरकारी जमीन की सूची बनाने का निर्देश

रांची के शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध खाली सरकारी भूमि को चिन्हित कर सूची तैयार करने का निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया गया। भविष्य में जनोपयोगी और विकासात्मक परियोजनाओं के लिए सरकारी भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था धनंजय, उपसमाहर्ता भूमि मुकेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश, पथ निर्माण एवं विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी और अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- रांची को मिलेगा पहला नाइट मार्केट, करमटोली में एक ही छत के नीचे मिलेगा पारंपरिक झारखंडी व्यंजनों का स्वाद