Move to Jagran APP

Durga Puja 2020: दुर्गा पूजा के लिए सुरक्षा की पुख्ता तैयारी, रांची में 3 हजार अतिरिक्त जवान होंगे तैनात

Durga Puja 2020 कोराना संक्रमण के मद्​देनजर शहर के पूजा पंडाल समितियों को ऐसे पंडाल बनाने के लिए कहा गया है ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ न लग सके। रांची पुलिस सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसकी तैयारियों में जुट गई है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Mon, 19 Oct 2020 10:38 AM (IST)Updated: Mon, 19 Oct 2020 01:53 PM (IST)
Durga Puja 2020: दुर्गा पूजा के लिए सुरक्षा की पुख्ता तैयारी, रांची में 3 हजार अतिरिक्त जवान होंगे तैनात
रांची पुलिस के अलावा रैफ की टुकड़ी तैनात की जाएगी।

रांची, जासं। कोरोना संक्रमण के बीच दुर्गा पूजा को संपन्न करवाना रांची पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होगी। सरकार के द्वारा जारी गाइडलाइंस का अनुपालन करवाते हुए दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने और दुर्गा पूजा की सुरक्षा को लेकर रांची पुलिस अलर्ट मोड पर आ चुकी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार दुर्गा पूजा का आयोजन छोटे पूजा पंडाल, मंदिरों और घरों में किया जा रहा है।

loksabha election banner

इस बार सबसे ज्यादा जरूरी शारीरिक दूरी का पालन करवाना है। शहर के पूजा पंडाल समितियों को ऐसे पंडाल बनाने के लिए कहा गया है ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ न लग सके। रांची पुलिस सुरक्षा के दृष्टिकोण से इसकी तैयारियों में जुट गई है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के अनुसार रांची में दुर्गा पूजा के दौरान रांची पुलिस के अलावा जैप, रैफ और क्यूआरटी के जवान तैनात किए जाएंगे।

संवेदनशील इलाकों में रांची पुलिस के अलावा रैफ की टुकड़ी तैनात की जाएगी। जानकारी के अनुसार दुर्गा पूजा में सुरक्षा को लेकर तीन हजार अतिरिक्त जवान तैनात होंगे। सभी जवानों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए सभी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके लिए पुलिस के द्वारा मास्क, सैनिटाइजर, दस्तानें और फेसशील्ड की व्यवस्था की गई है।

पंडाल के बाहर रखना होगा सैनिटाइजर, बिना मास्क नहीं होगी एंट्री

गाइडलाइंस के अनुसार पूजा पंडाल में एक समय में पुजारी और आयोजकों को मिलाकर सिर्फ 7 लोगों को ही रहने की छूट दी गई है। वहीं पूजा पंडाल या मंडप के आस-पास किसी प्रकार की लाइटिंग या सजावट की अनुमति नहीं दी गई है। जबकि मूर्ति का आकार चार फीट से अधिक नहीं होना चाहिए। इस बार भीड़ को संबोधित करने के लिए किसी भी प्रकार का स्टेज या यंत्र लगाने की अनुमति नहीं है। इस दौरान मेले का आयोजन भी नहीं होगा। विसर्जन जुलूस निकालने की भी अनुमति नहीं है।

जिला प्रशासन द्वारा तय जगह पर मूर्ति विसर्जित की जाएगी। इसके अलावा भोग वितरण या सामूहिक भोज का आयोजन नहीं करना है। इन सारे निर्देशों के बीच पुलिस का दावा है कि इसका अनुपालन करते हुए दुर्गा पूजा संपन्न करवाया जाएगा। दुर्गा पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वह पंडाल के बाहर सैनिटाइजर जरूर रखें, वहीं बिना मास्क के किसी को भी मां दुर्गा के दर्शन की इजाजत नहीं दी जाएगी। हर पूजा समिति को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे बिना तापमान मापे किसी को भी पूजा पंडाल के अंदर ना जाने दें।

कई पुलिसकर्मी भी हैं संक्रमित, भीड़ से बचाना होगा मुश्किल

रांची के सिटी एसपी सौरभ ने बताया कि उनके सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि उनके भी कई साथी, जूनियर पुलिस अफसर सहित कई पुलिस के जवान कोरोना संक्रमित हैं। यह संख्या हर दिन बढ़ भी रही है। ऐसे में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था रांची पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती साबित होने वाली है। सिटी एसपी के अनुसार पूर्व में दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस की रणनीति भीड़ को नियंत्रित करने की होती थी। लेकिन इस बार ठीक उलट लोगों को कोरोना से जागरूक करने और पंडाल में जाने से पहले दिए गए गाइडलाइन का पालन करवाना पुलिस की अहम जिम्मेदारी होगी। ऐसे में पुलिस वालों को संक्रमण से बचते हुए पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था संभालनी होगी।

संवेदनशील इलाकों में विशेष प्रतिनियुक्ति

राजधानी रांची में कई ऐसे संवेदनशील स्थान हैं, जहां समय-समय पर संप्रदायिक हिंसा फैलने का खतरा रहता है। दुर्गा पूजा के दौरान वैसे इलाकों को चिन्हित कर वहां सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जा रही है। वहीं वैसे लोग जो सांप्रदायिक तनाव को बिगाड़ने में लगे रहते हैं उन्हें भी चिन्हित किया जा रहा है। इसके साथ ही दंगा में शामिल रहने की आशंका को देखते सभी थाना क्षेत्र के लोगों को 107 का नोटिस भेजा जा रहा है। अबतक जिले भर में तीन हजार से ज्यादा लोगों को नोटिस भेजा जा चुका है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.