दुमका मेडिकल कॉलेज में 50 नई MBBS सीटें पर इसी वर्ष से नामांकन, 5 मोहल्ला क्लिनिक को भी मिला फंड
दुमका के सिदो-कान्हू चिकित्सा महाविद्यालय में नेशनल मेडिकल कमीशन ने 50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों को मंजूरी दी है, जिससे शैक्षणिक ...और पढ़ें

नेशनल मेडिकल कमीशन की अनुमति के बाद सिदो-कान्हू मेडिकल कॉलेज में काउंसिलिंग के निर्देश।
HighLights
दुमका मेडिकल कॉलेज में 50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों को मिली मंजूरी।
झारखंड के छात्रों के लिए 12 सीटें राज्य कोटे में आरक्षित।
मोहल्ला क्लिनिक और गढ़वा अस्पताल निर्माण को मिला अतिरिक्त फंड।
राज्य ब्यूरो, रांची। दुमका स्थित सिदो-कान्हू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में 50 अतिरिक्त सीटों पर नामांकन होगा। नेशनल मेडिकल कमीशन की अनुमति मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस निजी चिकित्सा संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों पर नामांकन के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद को काउंसिलिंग आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों में 25 प्रतिशत यानी 12 सीटें झारखंड राज्य के छात्रों के लिए राज्य कोटे के तहत निर्धारित की गई हैं। शेष सीटों में 60 प्रतिशत आल इंडिया क्वालिफाइड अभ्यर्थियों और 15 प्रतिशत सीटें एनआरआइ कोटा के लिए निर्धारित हैं।
राज्य कोटे की 12 सीटों में अनारक्षित वर्ग के लिए पांच, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए एक, अनुसूचित जनजाति के लिए तीन, अनुसूचित जाति के लिए एक, पिछड़ा वर्ग-I के लिए एक तथा पिछड़ा वर्ग-II के लिए एक सीट निर्धारित की गई है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए पांच प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का भी प्रविधान किया गया है। इसके तहत अंधापन एवं कम दृष्टि श्रेणी में एक सीट चिन्हित की गई है।
मुहल्ला क्लिनिक के संचालन के लिए पांच जिलों को मिले 4.30 करोड़
स्वास्थ्य विभाग ने मदर टेरेसा एडवांस क्लिनिक (मुहल्ला क्लिनिक) के संचालन के लिए पांच जिलों को लगभग 4.30 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। देवघर जिले के लिए 1.42 करोड़, धनबाद के लिए 1.85 करोड़, चतरा के लिए 39 लाख, पश्चिमी सिंहभूम के लिए 51.55 लाख तथा सिमडेगा के लिए 12.88 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
इधर, गढ़वा सदर अस्पताल में 50 बेड के नए अस्पताल के निर्माण की लागत बढ़ गई है। विभाग ने इसके निर्माण के लिए 3.93 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की स्वीकृति प्रदान कर दी है। बताते चलें कि वर्ष 2023 में इसके निर्माण के लिए 24.84 करोड़ की योजना की स्वीकृति मिली थी।
कुछ अतिरिक्त कार्यों के योजना में सम्मिलित होने तथा निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि होने के आधार पर अतिरिक्त राशि की स्वीकृति झारखंड भवन निर्माण कारपोरेशन के अनुमोदन के बाद दी गई।
