आज बारिश होने के आसार, सात व आठ जून को आसमान रहेगा साफ
शुक्रवार को सामान्य तापमान की तुलना में रांची के अधिकतम तापमान में कमी हुई है। शनिवार को बारिश होगी।
जागरण संवाददाता, रांची : शुक्रवार को सामान्य तापमान की तुलना में रांची के अधिकतम तापमान में 2.0 व न्यूनतम तापमान में 2.0 डिसे. की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि मध्य प्रदेश के मध्य भाग में बना निम्न दाब क्षेत्र कमजोर हो चुका है। अब बंगाल की खाड़ी के पश्चिमी मध्य भाग के परू्व में आठ जून तक निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के तहत उन्होंने बताया कि छह जून को रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। सात व आठ जून को आसमान साफ रहेगा। नौ जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 10-11 जून को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
:::::::::::
10-11 जून को गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की होगी बारिश
मौसम विभाग के निदेशक ने बताया कि 10 जून को राज्य के कई स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। जबकि 11 जून को राज्य के लगभग सभी स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है। छह जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी भाग के जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात व हल्की बारिश होने की संभावना है। सात जून को राज्य के दक्षिण-पूर्वी भाग में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। आठ जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। नौ जून को राज्य के दक्षिणी भाग में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
:::::::::
शुक्रवार का तापमान (डिसे. में)
शहर अधिकतम न्यूनतम
रांची 31.8 22.0
जमशेदपुर 36.5 23.0
डालटनगंज 31.0 24.9