रांची: DSPMU के खेल शिक्षक पर यौन शोषण और अवैध वसूली का आरोप, छात्रों ने यूनिवर्सिटी में की तालाबंदी
डीएसपीएमयू रांची में आदिवासी छात्र संघ ने खेल शिक्षक पर यौन शोषण और अवैध वसूली के आरोपों को लेकर तालाबंदी ...और पढ़ें

छात्रों ने यूनिवर्सिटी में की तालाबंदी
HighLights
डीएसपीएमयू में खेल शिक्षक पर यौन शोषण, अवैध वसूली का आरोप।
आदिवासी छात्र संघ ने विश्वविद्यालय में तालाबंदी कर विरोध किया।
दोषियों पर कार्रवाई न होने से नाराज छात्रों ने पुतला फूंका।
जागरण संवाददाता, रांची। आदिवासी छात्र संघ (एसीएस) के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) रांची में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक यूनिवर्सिटी में कक्षाएं पूरी तरह बंद रहीं। यह आंदोलन खेल विभाग से जुड़े गंभीर आरोपों को लेकर किया गया।
छात्र-छात्राओं का आरोप है कि खेल शिक्षक परमेश्वर महतो द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल कराने के नाम पर कई खिलाड़ियों से अवैध रूप से धन की वसूली की गई। साथ ही, महिला छात्राओं ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बाहरी लोगों को लाखों रुपये लेकर खेल प्रमाण-पत्र जारी
छात्रों का कहना है कि खेल शिक्षक द्वारा खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं दुर्व्यवहार किया जाता है। इसके अतिरिक्त यूनिवर्सिटी के खेल प्रमाण-पत्र (स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट) बाहरी लोगों को लाखों रुपये लेकर जारी किए जाने की भी शिकायत सामने आई है।
इन सभी मामलों को लेकर आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में 27 अप्रैल को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर को छात्रों द्वारा आवेदन एवं ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय कुलपति ने खेल विभाग से संबंधित सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
राज्यपाल को पूरे मामले की जानकारी दी
इसके बाद 5 जून को आदिवासी छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया। संघ का आरोप है कि अब तक किसी भी दोषी के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
एसीएस के दबाव में जांच समिति का गठन तो किया गया लेकिन आज तक उसकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई। इन्हीं मांगों को ले छात्रों ने अवैध वसूली, महिला छात्राओं के कथित शोषण, खिलाड़ियों के साथ अन्याय तथा छात्र हितों की अनदेखी के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति एवं खेल विभाग के समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) का पुतला दहन भी किया गया। इस आंदोलन में एसीएस के केंद्रीय सक्रिय सदस्य प्रकाश भगत, नामकुम प्रखंड इकाई के अध्यक्ष निशांत तिर्की, डीएसपीएमयू की उपाध्यक्ष दीपा कच्छप, सचिव अमित टोप्पो, सीमा मुर्मु, अनिता तिर्की, निराली नीतू केरकेट्टा, अक्षय महतो, रोहित उरांव, ओम प्रकाश उरांव, रांची यूनिवर्सिटी के मांडर कालज अध्यक्ष लक्ष्मण उरांव, पूर्व सचिव संदीप उरांव, झारखंड स्पोर्ट्स यूनियन के अनूप कुमार यादव, रोहित राज, आकाश गुप्ता, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
