झारखंड की डॉ. भारती कश्यप को राष्ट्रीय सम्मान, 6 लाख महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग और 25 लाख बच्चों की आंखों की जांच
डॉ. भारती कश्यप को महिला स्वास्थ्य, बाल नेत्र सुरक्षा और जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर स्पेशल ...और पढ़ें

डॉ. भारती कश्यप को राष्ट्रीय स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड मिला। जागरण
HighLights
डॉ. भारती कश्यप को राष्ट्रीय स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड मिला।
छह लाख से अधिक महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड की प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भारती कश्यप को महिला स्वास्थ्य, बाल नेत्र सुरक्षा और जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर स्पेशल लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया है। विमेन आप्थैल्मोलाजिस्ट्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (डब्ल्यूओएस) के उद्घाटन समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
ऑल इंडिया आप्थैल्मोलाजिकल सोसाइटी के अध्यक्ष प्रो. डॉ. जेएस तितियाल और आई बैंक एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष डॉ. नम्रता शर्मा ने उन्हें सम्मानित किया। डॉ. भारती कश्यप के नेतृत्व में आइएमए झारखंड वीमेंस डाक्टर्स विंग ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के साथ मिलकर सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और शुरुआती पहचान के लिए व्यापक अभियान चलाया है।
अप्रैल 2021 से मई 2026 के बीच झारखंड में छह लाख से अधिक महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। इस अभियान में ग्रामीण, दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों की महिलाओं तक जांच और परामर्श की सुविधा पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। एनएचएम के साथ विंग की आधिकारिक साझेदारी से अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने और जरूरतमंद महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद मिली।
25 लाख बच्चों की आंखों की जांच
बाल नेत्र सुरक्षा के क्षेत्र में भी डॉ. कश्यप की पहल महत्वपूर्ण रही है। उनके नेतृत्व में झारखंड के सरकारी स्कूलों में 25 लाख से अधिक बच्चों की आंखों की जांच की गई। दृष्टि दोष से पीड़ित बच्चों को निशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए गए। वहीं, मोतियाबिंद से पीड़ित सैकड़ों बच्चों की सर्जरी कर उनकी दृष्टि सुधारने में मदद की गई।
इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने और बेहतर जीवन जीने का अवसर मिला। वर्ष 2017 में राष्ट्रपति से नारी शक्ति पुरस्कार प्राप्त कर चुकीं डा. भारती कश्यप का चिकित्सा सेवा के साथ सामाजिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों में भी योगदान रहा है।
डॉ. विभूति कश्यप को बेस्ट टीचर अवॉर्ड
रांची के विट्रियो-रेटिना सर्जन डॉ. विभूति कश्यप को भी विमेन आप्थैल्मोलाजिस्ट्स सोसाइटी ने बेस्ट टीचर अवॉर्ड से सम्मानित किया। उन्हें युवा महिला नेत्र रोग विशेषज्ञों को उत्कृष्ट अकादमिक प्रशिक्षण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण देने के लिए यह सम्मान मिला।
