स्वास्थ्य विभाग के डिस्ट्रिक्ट एकाउंट मैनेजर की संदिग्ध स्थिति में मौत, जांच में जुटी पुलिस Garhwa News
Jharkhand. मौके पर एसडीपीओ वहामन टूटी व सदर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। तब दरवाजा तोड़कर अंदर कमरे में जाने पर अरविंद को मृत अवस्था में पाया गया।
गढ़वा, जासं। स्वास्थ्य विभाग के डिस्ट्रिक्ट एकाउंट मैनेजर अरविंद कुमार अकेला 42 वर्ष की संदिग्धावस्था में बुधवार की रात मौत हो गई। वे चिनियां रोड गढ़वा स्थित अनिल कुमार गुप्ता के किराये के मकान में मृत पाए गए। जानकारी के अनुसार अरविंद कुमार अकेला ने दिन में सिविल सर्जन डॉ एनके रजक से तबीयत खराब होने की बात बताई थी। शाम को जब उन्होंने पत्नी का फोन नहीं उठाया तो उनकी पत्नी ने सीएस को इसकी जानकारी दी। इस पर सीएस ने किसी स्वास्थ्य कर्मचारी को अरविंद के आवस पर भेजा।
वहां अंदर से दरवाजा बंद था। स्वास्थ्य कर्मचारी से इसकी जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के कई लोग अरविंद के किराये के आवास पर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया। किंतु अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर एसडीपीओ वहामन टूटी व सदर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। तब दरवाजा तोड़कर अंदर कमरे में जाने पर अरविंद को मृत अवस्था में पाया गया। इधर इस घटना की सूचना मृतक के परिजनों को स्वास्थ्य विभाग के लोगों ने दी है। रांची से उनके परिजन गढ़वा पहुंच रहे हैं। इसके पश्चात शव का पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई होगी।