लोहरदगा में नवजात का शव दफनाने को लेकर विवाद Lohardaga News
Jharkhand. लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के दोबा बरटोली गांव की घटना है। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझा।
लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के दोबा बरटोली गांव में रविवार को दो पक्षों में विवाद हो गया। लगभग 4 घंटे तक दोनों पक्षों में विवाद होता रहा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझा। विवाद एक जमीन में नवजात के शव को दफनाने के लिए गड्ढा खोदे जाने को लेकर हुआ था। एक पक्ष उक्त जमीन को कब्रिस्तान की जमीन बता रहा था, तो दूसरा पक्ष जमीन को रैयती जमीन बताकर शव दफनाए जाने का विरोध कर रहा था।
मामले के सूचना मिलने पर एसपी प्रियदर्शी आलोक के निर्देश पर एसडीपीओ जितेंद्र कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक चंद्रमोहन हांसदा, कुड़ू सीओ कमलेश उरांव, बीडीओ मनोरंजन कुमार, कुड़ू थाना प्रभारी हरिऔंध करमाली पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले को सुलझाने का प्रयास किया। दोबा बरटोली निवासी हारून रशीद के नवजात शिशु की मृत्यु के बाद शव को दफनाने के लिए कब्रिस्तान से सटे जमीन पर गड्ढा खोदा जा रहा था। तभी गांव के ही रामदयाल उरांव ने खोदे जा रहे गड्ढा को अपनी जमीन में बताकर उक्त स्थान पर शव दफनाने का विरोध किया।
इस बात को लेकर पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। दोबा बरटोली में मुस्लिम समुदाय के कब्रिस्तान की घेराबंदी नहीं हुई है। कब्रिस्तान से सटे ही रामदयाल उरांव की रैयती जमीन भी है। रामदयाल का आरोप था कि लोग कब्रिस्तान में शव दफनाने के लिए गड्ढा न खोदकर उसकी रैयती जमीन में गड्ढा खोद दिया गया है। विवाद होने के बाद मुस्लिम पक्ष ने कब्रिस्तान की जमीन में गड्ढा खोदकर शव को दफनाया। अधिकारियों ने जमीन की मापी कराकर कब्रिस्तान की जमीन को चिन्हित कर रेखांकित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला सुलझा।