संघ समन्वय की बैठक में सरकार के कामकाज पर हुई चर्चा
रांची, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषांगिक संगठनों की बैठक यहां एक स्थानीय बैंक्वेट हॉल में हुई। सोमवार की सुबह 10 बजे से शुरू यह बैठक शाम छह बजे तक चली।
रांची, जागरण संवाददाता। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुषांगिक संगठनों की बैठक यहां एक स्थानीय बैंक्वेट हॉल में हुई। सोमवार की सुबह 10 बजे से शुरू यह बैठक शाम छह बजे तक चली। संघ के सूत्रों के अनुसार 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकारों के कामकाज पर चर्चा की गई। संघ ने अपने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। जानना चाहा कि समाज में सरकार के प्रति क्या नजरिया है। इस दौरान अलग-अलग लोगों की अलग-अलग राय थी।
बैठक में संघ पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार अच्छा काम कर रही है। उनकी योजनाओं का लाभ जनता को कैसे मिले इस पर विचार किया जाना चाहिए। राज्य सरकार को भी इस पर सख्ती से विचार करना चाहिए। बैठक में देश में वर्तमान समय में चल रही घटनाओं पर भी चर्चा हुई। राम मंदिर एवं धारा 370 का भी मामला उठा। इस पर कहा गया कि यह मामला कोर्ट में है। फैसले का इंतजार करना चाहिए। क्षेत्र संघचालक सिद्धिनाथ सिंह, क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, प्रांत प्रचारक रविशंकर, प्रांत कार्यवाह संजय कुमार, सह प्रांत कार्यवाह राकेश लाल की उपस्थिति में हुई बैठक में संघ की आगामी योजनाओं पर भी चर्चाएं हुई। संघ के अनुषांगिक संगठनों का काम झारखंड में और बढ़ाने को कहा गया। संघ की शाखाओं को और मजबूत करने एवं समाज में गतिविधियां चलाने पर चर्चाएं हुई। बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास, संगठन मंत्री धर्मपाल, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, अनंत ओझा सहित भाजपा के कई नेता एवं संघ परिवार से जुड़े प्रमुख लोग उपस्थित थे।